फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) ने शाहीन बाग के प्रोटेस्ट में कैमरे के साथ पकड़ी गई महिला के बहाने एक बार फिर बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने एक ट्वीट शेयर किया, जो साल 2014 का है। इस ट्वीट में प्रोटेस्ट में पकड़ी गई महिला आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन करती दिख रही है। कश्यप ने इस ट्वीट को टैग करते हुए लिखा, ‘कभी AAP कभी Congress और अब BJP। मैडम हैं तो कमाल, लेकिन यह ट्वीट ढूंढ कर भाजपा को फिर हथियार दे दिया। कपिल की तरह यह भी सूली पर चढ़ा दी जाएंगी’।

आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में जारी विरोध-प्रदर्शन में बुधवार को एक महिला बुर्के में पकड़ी गई थी। महिला का नाम गुंजा कपूर बताया जा रहा है और वह कथित तौर पर धरना स्थल पर खुफिया कैमरे से वीडियो बना रही थीं। गुंजा कपूर यू-ट्यूबर हैं और ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उन्हें फॉलो करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने गुंजा को पुलिस के हवाले कर दिया था। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वह किस इरादे से वहां वीडियो बना रही थीं।

इस बीच सोशल मीडिया पर गुंजा कपूर के पुराने ट्वीट शेयर किये जा रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार स्वाती चतुर्वेदी ने भी गुंजा कपूर का साल 2014 का ऐसा ही एक ट्वीट शेयर किया है। इस ट्वीट में गुंजा ने लिखा है, ‘दिल्ली फॉर आप अबकी बार, बीजेपी बाहर’। अनुराग कश्यप ने इसी ट्वीट को शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है। बता दें कि अनुराग कश्यप उन बॉलीवुड सेलिब्रिटीज में शामिल हैं, जो लगातार मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि देश को सबसे ज्यादा खतरा अगर किसी से है तो वह बीजेपी है।

 

अनुराग कश्यप नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ भी अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं। उन्होंने मुंबई में इस कानून के खिलाफ जारी आंदोलन में लोगों से शामिल होने की अपील की है। अनुराग कश्यप ने ट्वीट किया, ‘मैं मुंबई बाग गया था। नवापाड़ा में शाहीन बाग की तरह ही बहुत सारी माएं, बहनें और महिलाएं बैठी हैं…अपने हक की संवैधानिक लड़ाई लड़ने। आइये उनके साथ खड़े होकर उनका हौंसला बढ़ाएं। उन्हें वहां से हटाने की बात हो रही है। चलिए उनका साथ दें’।