Sushant Singh rajput Suicide: सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने मंगलवार को रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। अब इस पूरे मामले पर सुशांत सिंह राजपूत के पिता के वकील की तरफ से काफी चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं।
वकील विकास सिंह का कहना है कि, ‘सुशांत के परिवार को पहले से ही बेटे के साथ गलत होने की आशंका थी। सुशांत के परिवार की तरफ से 25 फरवरी 2020 को ही बांद्रा पुलिस को सूचना दी गई थी कि सुशांत अच्छे लोगों के साथ नहीं है और देखें कि उनके साथ कुछ अनहोनी न हो जाए।’
मुंबई पुलिस पर आरोप: वकील विकास ने बताया कि केस दर्ज करवाने में इतना वक्त इसलिए लगा क्योंकि मुंबई पुलिस परिवार पर बड़े प्रॉडक्शन हाउस का नाम देने और उन्हें फंसवाने का दवाब बना रही थी। जिसके चलते जांच दूसरी दिशा में जा रही थी। विकास ने आगे बताया कि इस पूरे मामले में पटना पुलिस पहले रिया चक्रवर्ती के खिलाफ केस दर्ज करने में हिचकिचा रही थी। हालांकि बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री संजय झा के हस्तक्षेप के बाद शिकायत दर्ज कर ली गई।
सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की आत्महत्या की भी होगी जांच: बिहार पुलिस के अधिकारी सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की आत्महत्या के मामले की भी जांच करेगी। सुशांत की मैनेजर दिशा ने एक्टर के निधन से कुछ दिन पहले ही कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि इस पूरे मामले पर मुंबई पुलिस ने अभी तक की अपनी जांच में कहा है कि सुशांत की आत्महत्या और दिशा की आत्महत्या में कोई संबंध नहीं है और ये दोनों अलग-अलग केस हैं।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने रिया चक्रवर्ती पर लगाए गंभीर आरोप: सुशांत के पिता कृष्ण किशोर सिंह ने रिया और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने 7 पेज के शिकायतनामे में बताया कि पिछले 1 साल में लगभग 17 करोड़ रुपए मेरे बेटे के खाते में जमा हुए थे जिसमें करीब 15 करोड़ रुपए निकाल लिए गए हैं। यह पैसे जिन जगहों पर ट्रांसफर हुए हैं उनका मेरे बेटे से कोई लेना-देना नहीं था। मेरे बेटे के सभी खातों की जांच की जानी चाहिए।
किशोर सिंह ने बताया कि सुशांत को रिया ने अपने कंट्रोल में कर लिया था। उनके क्रेडिट कार्ड से लेकर सभी आईडी पासवर्ड तक रिया ने जब्त कर लिए थे। परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जाता था। पैसे और जेवर भी हड़पने का आरोप है। रिया के आने के बाद सुशांत सिंह को फिल्में मिलने में काफी कमी दर्ज की गई। एक्टर के पिता ने बताया कि 2019 से पहले जब मेरे बेटे सुशांत सिंह कोई भी दिमागी परेशानी नहीं थी तो रिया के सम्पर्क में आने के बाद अचानक क्या हुआ? इसकी भी जांच की जानी चाहिए।