भोजपुरी के लगभग सभी सुपरस्टार्स राजनीति का रुख कर चुके हैं। भोजपुरी स्टार रहे मनोज तिवारी, रवि किशन तो लंबे समय से बीजेपी में हैं और सांसद बनकर पार्टी को अपनी सेवा दे रहे हैं। दिनेश लाल यादव ने भी पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पवन सिंह भी बीजेपी की सदस्यता ले चुके हैं। बात मनोज तिवारी की करें तो वो उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद हैं। मनोज तिवारी अक्सर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रहते हैं।
कुछ समय पहले एक इवेंट के दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए यह कह दिया था कि उन पर एक फिल्म बन सकती है। इवेंट में उनके साथ दिनेश लाल यादव निरहुआ और रवि किशन भी शामिल हुए थे।
एबीपी न्यूज़ के इवेंट में बोलते हुए मनोज तिवारी ने कहा, ‘आप पूरे देश में अपनी समीक्षा कर लीजिए इस बात की। चाहे आप ममता बनर्जी की समीक्षा कीजिए, अखिलेश यादव की या फिर लालू जी के परिवार की समीक्षा कीजिए, जो भी अरविंद केजरीवाल के गले लगकर उनसे मिला, वो गया। उनको तो इतिहास याद करेगा।’
मनोज तिवारी ने आगे कहा, ‘आने वाले समय में उन पर फिल्म भी बन सकती है, ‘एक था…। 2014 में दिल्ली को नरेंद्र मोदी से भी आशा थी और केजरीवाल से भी। नरेंद्र मोदी देश का विश्वास बन गए, केजरीवाल लोगों के लिए अभिशाप बन गए। आज दिल्ली की जनता को कुछ फ्री चाहिए तो सिर्फ एक चीज चाहिए कि उसे आम आदमी पार्टी से फ्री कर दो।’
रवि किशन ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। दरअसल वो पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल पर अपनी टिप्पणी कर रहे थे। उनका कहना था कि केजरीवाल की राजनीति का बुरी तरह अंत होगा। उन्होंने कहा, ‘बहुत बुरी तरह अरविंद केजरीवाल दिल्ली में हारने वाले हैं। केजरीवाल की पार्टी का भी स्वाहा हो जाएगा।’ दिनेश लाल ने इवेंट के दौरान लोकसभा चुनाव में मिली हार पर भी बात की।
दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के राजनीतिक जीवन की बात करें तो उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 से कुछ समय पहले ही भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की। उन्हें बीजेपी ने अखिलेश यादव के खिलाफ आजमगढ़ से चुनावी मैदान में उतारा। चुनाव प्रचार के दौरान दिनेश लाल ने कहा कि उन्हें हराने वाला कोई पैदा नहीं हुआ जिसे लेकर उनकी आलोचना भी हुई थी। जब वो चुनाव हार गए तो इस बयान को याद दिला लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया था।