पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में ईडी ने देर रात शिवसेना नेता संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया है। संजय राउत की गिरफ़्तारी से पहले ईडी ने उनके मुंबई स्थित घर पर रेड की थी और 9 घंटे तक ईडी की टीम उनके घर मौजूद थी।
बाद में शाम 4 बजे ईडी ने संजय राउत को हिरासत में ले लिया था और रात 12 बजे के करीब ईडी ने संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, उनका एक वीडियो सामने आया है जिसमें संजय राउत पीएम मोदी की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं। जिस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने टिप्पणी की है।
शर्लिन चोपड़ा ने किया ट्वीट
बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने संजय राउत का एक पुराना इंटरव्यू शेयर किया है। जिसमें वह कह रहे हैं कि आज की तारीख में मोदी जी के अलावा बीजेपी का कोई अस्तित्व नहीं है? आज जो पार्टी का विस्तार है वह मोदी जी के कारण ही है। नरेंद्र मोदी जी और ठाकरे परिवार में पुराना रिश्ता है। चाहे हम राजनीति में रहे या ना रहे, चाहे बीजेपी ने हमारे खिलाफ साजिश की हो लेकिन हमारा मोदी जी के साथ अलग रिश्ता रहा है।
हम भी मोदी जी को मानते हैं। हमने उनके साथ काम किया है। हम अमित शाह को मानते हैं। मोदी जी जब तक रहेंगे देश हित में काम करेंगे। आज पूरी बीजेपी पार्टी के नरेंद्र मोदी जी श्री कृष्ण हैं, और उनके नाम से पार्टी चल रही है। इस पर एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा लिखती हैं कि मोदी जी पूरी पार्टी के श्री कृष्ण हैं।-संजय राउत। क्या ख़ूब कहा, सुदर्शन चक्र तो निकल गया!
क्या है पात्रा चॉल जमीन घोटाला
पात्रा चॉल जमीन घोटाले की शुरुआत 2007 से हुई। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड डिवलपमेंट अथॉरिटी यानी म्हाडा ने गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ एफआईआर की और धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। 2007 में म्हाडा ने पात्रा चॉल के रिडिवेलपमेंट का काम गुरु आशीष कंस्ट्रक्शन को दिया। यह कंस्ट्रक्शन गोरेगांव के सिद्धार्थ नगर में होना था।
म्हाडा की 47 एकड़ जमीन में कुल 672 घर बने हैं जबकि रीडिवेलपमेंट के बाद गुरु आशीष कंपनी को साढ़े तीन हजार से ज्यादा फ्लैट बनाकर देने थे। म्हाडा के लिए फ्लैट्स बनाने के बाद बची हुई जमीन को प्राइवेट डिवलपर्स को बेचना था। 14 साल बाद भी कंपनी ने लोगों के फ्लैट बना कर नहीं दिए है। 2020 में प्रवीण राउत को गिरफ्तार किया गया था जिसे संजय राउत का करीबी बताया जाता है। प्रवीण राउत सारंग और राकेश वधावन के साथ कंपनी का डायरेक्टर था।