सिनेमा जगत में राज कपूर का अहम योगदान रहा है। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। राज कपूर ने ऐसी फिल्में बनाई, जिनकी चर्चा देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रही। भारतीय सिनेमा को दुनिया भर में अलग पहचान दिलाने में राज कपूर का अहम योगदान रहा है। आज वो भले ही दुनिया में नहीं हैं लेकिन, अपनी यादगार फिल्मों के जरिए आज भी लोगों के जहन में हैं। ऐसे में 14 दिसंबर, 2024 को उनकी 100वीं बर्थ एनिवर्सरी है, जिसे कपूर परिवार बड़े ही धूमधाम से सेलिब्रेट करना चाहता है। इस सिलसिले में कपूर परिवार ने पीएम मोदी को इस सेलिब्रेशन में आमंत्रित करने के लिए मुलाकात की। इस दौरान पीएम और कपूर फैमिली ने ढेर सारी बातें की। इसी बीच नरेंद्र मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी-अटल बिहारी वाजपेयी और राज कपूर की फिल्म से जुड़ा किस्सा शेयर किया। साथ ही उन्होंने राज कपूर की फिल्मों का चीन में बोलबाला का किस्सा भी बताया।
पीएम मोदी ने इस दौरान कपूर फैमिली से बातचीत में राज कपूर की फिल्मों की ताकत के बारे में बताया। इस बातचीत में पीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का राज कपूर की फिल्म से जुड़ा किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि जनसंघ के जमाने में दिल्ली में चुनाव हुए थे और वो चुनाव हार गए थे। इस पर आडवाणी जी और अटल जी ने फिल्म देखने का प्लान किया। उन्होंने आपस में बात करते हुए कहा था कि वो चुनाव तो हार गए ऐसे में उन्हें क्या करना चाहिए? तो फिल्म देखने का फैसला किया। पीएम मोदी ने आगे बताया कि अब दोनों साथ में फिल्म देखने के लिए गए। ये फिल्म थी, ‘फिर सुबह होगी’। इसे 1958 में रिलीज किया गया था और ठीक इस मूवी के नाम की तरह ही पीएम मोदी बताते हैं कि फिर नई सुबह हुई थी।
चीन में बजा था राज कपूर की फिल्म के गानों का डंका
इतना ही नहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे राज कपूर की फिल्म के गानों से जुड़ा किस्सा भी बताया। उन्होंने कपूर फैमिली को बताया कि वो एक बार चीन गए थे और वहां होस्ट राज कपूर की फिल्मों के गाने बजा रहा था। पीएम ने कपूर परिवार को बताया कि उन्होंने इस पल को देखकर अपनी टीम से मोबाइल में रिकॉर्ड करने के लिए कहा और फिर इसे ऋषि कपूर को भी भेज दिया था। वो इस पल को देखकर काफी खुश हुए थे।
पीएम ने राज कपूर के योगदान को किया याद
राज कपूर की 100वीं बर्थ एनीवर्सरी के मौके पर पीएम मोदी ने उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनका 100वां जन्मदिन भारतीय सिनेमा की स्वर्णिम यात्रा का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। पीएम ने कहा कि इस मील के पत्थर की शुरुआत साल 1947 में फिल्म ‘नील कमल’ से हुई थी। इसे नरेंद्र मोदी ने 2047 की ओर अग्रसर बताया। पीएम कहते हैं कि जब 100 साल के इस सफर की ओर देखा जाता है कि तो ये देश के लिए बड़ा योगदान है। उन्होंने राज कपूर के योगदान को लेकर कहा कि एक्टर ने पूरी दुनिया में भारत की सॉफ्ट पावर को स्थापित किया। इसे पीएम ने भारत के लिए उनकी बड़ी सेवा बताया।
कपूर फैमिली और पीएम मोदी की मुलाकात से जुड़ी ये खबर तो आपने पढ़ लिया। इसके साथ ही आप ये भी पढ़ सकते हैं कि पीएम ने सैफ अली खान से उनके दोनों बेटों जेह और तैमूर से भी मिलने की इच्छा जताई।