West Delhi Lok Sabha Elections 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। ऐसे में दिल्ली की पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट भी एक महत्वपूर्ण सीट है। इस लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने जीत दर्ज की थी। इस बार आप और कांग्रेस पार्टी बीजेपी के पुराने रिकॉर्ड को धवस्त करने की कोशिश करेगी।
पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीट पर भारतीय निर्वाचन आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। इस बार इलेक्शन 25 मई को होंगे। इस सीट से आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को टिकट दिया गया है। वहीं, बीजेपी ने इस सीट से कमलजीत सहरावत को उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट पर सभी की नजरें टिकी हुईं हैं क्योंकि यहां पर आप और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
2019 में बीजेपी के सिर सजा जीत का सेहरा
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पश्चिमी दिल्ली से चुना गया। यहां पर बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा को लोगों ने चुना। प्रवेश वर्मा ने कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार महाबल मिश्रा को 5,78,486 वोटों के साथ पछाड़ कर अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा को 8,65,648 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी महाबल मिश्रा को 2,87,162 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। आम आदमी पार्टी के बलबीर जाखड़ को मात्र 2,51,873 वोट हासिल हुए।
West Delhi Lok Sabha Election | ||
पार्टी | उम्मीदवार | वोट |
BJP | प्रवेश वर्मा | 8,65,648 |
CONGRESS | महाबल मिश्रा | 2,87,162 |
AAP | बलबीर जाखड़ | 2,51,873 |
इनके बीच देखने को मिला मुकाबला
प्रवेश वर्मा: राजनीतिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रवेश सिंह पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं। उनके पिता भी कद्दावर नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। प्रवेश वर्मा को दिल्ली में भाजपा के सबसे युवा नेताओं में शुमार किया जाता है। 2014 में वे पहली बार इस सीट से सांसद चुने गए थे।
महाबल मिश्रा: महाबल मिश्रा को मुख्य रूप से पूर्वांचली नेता के तौर पर जाना जाता है। वह तीन बार विधायक भी चुने गए हैं। साल 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली की सीट से विजय प्राप्त की थी। हालांकि, वह 2014 के चुनाव में प्रवेश वर्मा को हराने में कामयाब नहीं हो सके।
बलबीर जाखड़: साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बलबीर जाखड़ पहली बार मुख्यधारा की राजनीति का चेहरा बने थे। आम आदमी पार्टी ने इन्हें पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, वह प्रवेश सिंह को टक्कर देने में सफल नहीं हो सके।
साल 2014 में क्या था हाल
2014 के आम चुनाव में प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) को बीजेपी ने पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया। उन्हें यहां से 6,51,395 वोट मिले थे। वहीं, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जरनैल सिंह को 3,82,809 मत ही मिल सके। कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता महाबल मिश्रा को 1,93,266 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। अगर मत के प्रतिशत की बात की जाए तो प्रवेश को इस चुनाव में 48.3% वोट हासिल हुए थे और जरनैल को 28.3% वोट हासिल हुए थे जबकि कांग्रेस के महाबल मिश्रा के हिस्से में सिर्फ 14.3% वोट ही आए थे।
जातीय समीकरण
पश्चिमी दिल्ली की लोकसभा सीट के अंतर्गत मादीपुर, राजौरी गार्डन, हरि नगर, तिलक नगर, जनकपुरी, विकासपुरी, उत्तम नगर, द्वारका, मटियाला और नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन, तिलकनगर और जनकपुरी में पंजाबी वोटर्स की संख्या काफी अच्छी है। वहीं, मटियाला, विकासपुरी, उत्तमनगर और नजफगढ़ का क्षेत्र गांव बाहुल्य है। मादीपुर और हरिनगर में आबादी लगभग मिली जुली है। यहां पर उम्मीदवार पूर्वांचल और पंजाबी वोटर्स को लुभाने की कोशिश करते हैं। पश्चिमी दिल्ली की साक्षरता दर 87.99 फीसदी के आसपास है। यहां पर 11,08,886 पुरुष और 9,30,409 महिला वोटर्स हैं। 115 मतदाता अन्य अथवा थर्ड जेंडर हैं। यहां एससी कैटेगरी की संख्या 12.84 प्रतिशत है और एसटी शून्य के करीब हैं।