Lok Sabha Election: राष्ट्रीय राजधानी में सबसे नई लोकसभा सीट पश्चिमी दिल्ली है। यह सीट 2009 के संसदीय चुनाव से थोड़ा पहले अस्तित्व में आई। इस सीट पर अब तक तीन लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। अब चौथा चुनाव होने में कुछ ही दिन बचे हैं

इस सीट की सबसे खास बात है कि तीनों चुनावों में इस सीट पर जीतने वाली पार्टी ने केंद्र में सरकार बनाई है। साल 2009 में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) के सत्ता में आने पर कांग्रेस ने यह सीट जीती। 2014 और 2019 में बीजेपी ने ही यह सीट जीती। साथ ही केंद्र में सरकार भी बनाई।

पिछले दो चुनावों में इस सीट पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ने अपने उम्मीदवार उतारकर त्रिकोणीय मुकाबला देखा था। हालांकि, इस बार दोनों पार्टियों ने बीजेपी के खिलाफ हाथ मिला लिया है।

2024 लोकसभा चुनाव में किसके बीच होगा मुकाबला-

लोकसभा चुनाव 2024 में मुकाबला बीजेपी के कमलजीत सहरावत और आप नेता महाबल मिश्रा के बीच है, जिन्हें कांग्रेस का भी समर्थन प्राप्त है। जहां 2014 में AAP दूसरे नंबर पर थी, वहीं 2019 में कांग्रेस दूसरे नंबर पर थी। इस सीट पर बीजेपी ने दो बार कब्ज़ा जमाया है।

2014 में परवेश साहिब सिंह वर्मा ने 2.68 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीता था, जो उस वर्ष तक का सबसे बड़ा अंतर था। 2019 में उन्होंने अब तक के सबसे ज्यादा 5.78 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीता। अपनी पिछले चुनाव से बेहतर परिणाम के बावजूद वर्मा का इस बार भाजपा ने टिकट काट दिया।

2009 के कांग्रेस विजेता महाबल मिश्रा 2019 में 2.87 लाख वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और 2014 में 1.93 लाख वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। ऐसे में जहां भाजपा के सहरावत के लिए यह पहला लोकसभा चुनाव है, वहीं मिश्रा के लिए यह उनका चौथा चुनाव है। निर्वाचित होने पर सहरावत इस सीट से पहली महिला सांसद होंगी।

पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट पर 24.88 लाख मतदाता-

24.88 लाख से अधिक मतदाताओं के साथ पश्चिमी दिल्ली शहर की सबसे बड़ी लोकसभा सीट है। यह राष्ट्रीय राजधानी के लगभग 17% मतदाता हैं। जिसमें 13.27 लाख पुरुष और 11.61 लाख महिलाएं शामिल हैं।

यह पहली बार मतदाताओं के साथ-साथ 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की भी सबसे अधिक संख्या की लोकसभा सीट है। दिल्ली में पहली बार मतदान करने वाले 1.47 लाख मतदाताओं में से 26,584 (लगभग 20%) इसी निर्वाचन क्षेत्र में हैं।

2009 के चुनावों से पहले बाहरी और दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीटों के कुछ क्षेत्रों को अलग करके इस निर्वाचन क्षेत्र का गठन किया गया था। इसमें 10 विधानसभा क्षेत्र हैं। जिलमें- मादीपुर, विकासपुरी, उत्तम नगर, द्वारका, मटियाला, नजफगढ़, राजौरी गार्डन, हरि नगर, तिलक नगर और जनकपुरी। 2020 के विधानसभा चुनावों में पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम जिलों की ये सभी 10 सीटें AAP को मिलीं।