विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक अपना दल (कमेरावादी) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी को गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए शुक्रवार को कहा कि बिहार में जो नीतीश कुमार के साथ हुआ, वही उत्तर प्रदेश में उसके साथ किया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि अगर भाजपा की अगुवाई वाला राजग अपना दल (कमेरावादी) को सीटों का कोई प्रस्ताव देता है तो पार्टी उस पर निर्णय लेगी।
पार्टी नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी को एक भी सीट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा था कि अपना दल (कमेरावादी) के साथ वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन था, 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए नहीं।
पल्लवी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में सपा अध्यक्ष यादव और राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन की प्रमुख पार्टी यानी कांग्रेस यह बताएं कि वे अपना दल (कमेरावादी) के साथ क्या करने जा रहे हैं। पटेल ने कहा कि जिन लोगों ने इंडिया गठबंधन बनाया है, वह प्रमाणित करें कि हम उसका हिस्सा हैं या नहीं।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के साथ जो हुआ, वही उत्तर प्रदेश में (अपना दल-कमेरावादी की अध्यक्ष) राजमाता कृष्णा पटेल के साथ हो रहा है। पटेल ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इंडिया गठबंधन में नीतीश कुमार के साथ क्या हुआ था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर, फूलपुर और कौशांबी लोकसभा सीटें मांगी थीं मगर उन्हें एक भी सीट नहीं दी गई।
गठबंधन को लेकर सपा के रवैये के बारे में उन्होंने कहा कि (सपा के) 2017 में 47 विधायक जीते। साल 2022 में ओम प्रकाश राजभर उनके साथ आए, संजय चौहान, केशव देव मौर्या, जयंत चौधरी, राजमाता कृष्णा पटेल साथ आए तब आप 47 से 111 हुए और 34 प्रतिशत वोट आपको मिले। इसके बाद आपको लगने लगा कि 34 प्रतिशत वोट आपके हैं और अब आपको किसी की जरूरत नहीं है। आप गलतफहमी में जी रहे हैं।
उनसे पूछा गया कि अगर भाजपा की अगुवाई वाला राजग अपना दल (कमेरावादी) को सीटों का कोई प्रस्ताव देता है तो क्या वह उसे स्वीकार करेंगी? इस पर पटेल ने कहा कि इस बारे में अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है लेकिन अगर ऐसा कुछ होता है तो कोई भी निर्णय पार्टी ही करेगी।
उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन से बातचीत के दरवाजे अभी खुले हैं। पटेल ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर गठबंधन प्रत्याशी के रूप में सिराथू सीट से चुनाव लड़ा था जहां उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पराजित किया था।