सोमवार को उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने झांसी में एक जनसभा को संबोधित करने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा की शक्ल देखो 12 बजे हुए हैं। उन्हें दूसरे चरण के मतदान से पहले नींद नहीं आई।

झांसी में सपा प्रत्याशी के पक्ष में लोगों को संबोधित करने पहुंचे अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ के एक इंटरव्यू को लेकर उनपर निशाना साधते हुए कहा कि बाबा मुख्यमंत्री की शक्ल देखो आजकल। सवेरे ही आज 12 बज गए। उन्हें रात भर नींद नहीं आई आज क्योंकि दूसरे चरण में वोट पड़ना था, वे रात भर नहीं सो पाए। सुबह ही पत्रकार साथियों को बुला लिया। 

आगे उन्होंने कहा कि वे (योगी आदित्यनाथ) कह रहे हैं कि यह चुनाव 80-20 का है। वे चुनाव को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं। अगर किसी ने उनका आज का इंटरव्यू देखा होगा तो उनकी शक्ल देख लेना। उनकी शक्ल पर 12 बज गए हैं। सुबह शीशे में शक्ल देखते हैं और उनको जो दिखाई देता है। उसी पर चर्चा करते हैं।

बता दें कि सोमवार सुबह को योगी आदित्यनाथ ने समाचार एजेंसी एएनआई को इंटरव्यू दिया। इस दौरान उन्होंने 80-20 का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने 80 बनाम 20 की बात की थी। 80% BJP के साथ होंगे और 20% हमेशा विरोध करते हैं और विरोध करेंगे। हमने जाति, मत, मजहब की बात नहीं की थी। 80% वो लोग जो हमेशा प्रदेश सरकार के अच्छे कार्यों का समर्थन करते हैं और 20% वो लोग जिन्हें हमेशा विरोध करना है।

इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार है इसलिए यूपी में 15 करोड़ लोगों को राशन की भी डबल डोज दी जा रही है। अखिलेश यादव को संभवत: इन आंकड़ों की जानकारी नहीं होगी। बड़े बाप के पुत्र हैं वो आराम से 12 घंटे सोते हैं और 6 घंटे अपनी मित्र मंडली के साथ व्यतीत करते हैं।

सोमवार को झांसी में जनसभा को संबोधित करने के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना के समय मजदूर भाई दूसरे प्रदेश से चलकर आए थे। ललितपुर-झांसी की सीमा पर उन्हें खाना नहीं दिया और पीने के लिए पानी नहीं दिया। वे नहा धो नहीं पाए लेकिन पुलिस लगाकर सीमा पर नहीं आने दिया। एक गर्भवती महिला तक की मदद नहीं की गई और उसे खुद चलकर अपने घर जाना पड़ा। अगर सपा की सरकार होती तो हम डीएम की गाड़ी से उन्हें घर भेजते।