उत्तरप्रदेश के मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सबसे हॉट सीट बन चुकी है। यहां से केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल भाजपा के टिकट पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इसी बीच करहल से भाजपा उम्मीदवार एसपी बघेल ने दावा किया है कि कौरवों के पितामह मुलायम सिंह यादव मेरी जीत की दुआएं कर रहे हैं।

गुरुवार को समाचार चैनल एबीपी न्यूज से बात करते हुए भाजपा उम्मीदवार एसपी बघेल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव शिष्य और पुत्र के बीच में आए हैं। यह हमारी परंपरा रही है कि द्रोणाचार्य और भीष्म पितामह भले ही कौरवों की तरफ से लड़े थे लेकिन वो अपने प्रिय शिष्य अर्जुन की जीत की कामना करते थे। साथ ही उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह का यहां आना बता रहा है कि समाजवादी पार्टी के कैप्टन का जहाज डूब रहा है। डूबते हुए जहाज के कप्तान को पूर्व कप्तान की याद आई है। बता दें कि एसपी बघेल मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे हैं और उनके सुरक्षा में भी शामिल रहे हैं।  

गुरुवार को मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी में अखिलेश यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव भी मंच पर मौजूद रहे। मुलायम सिंह यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां जो विशाल भीड़ आई है। वह यह साबित करती है कि जनता चाहती है कि राज्य में सपा की सरकार बने। सपा की सरकार बनेगी तो नौजवानों को रोजगार मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों की खाद, बीज और फसल बेचने तक की भी व्यवस्था की जाएगी।

वहीं अखिलेश यादव ने मैनपुरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये नेताजी का क्षेत्र रहा है। यहां नेताजी ने पढ़ाई की, कुश्ती लड़ी और राजनीति भी यहीं सीखी। जिसके बाद सपा को देशभर में ऊंचाइयों तक पहुंचाया। साथ ही उन्होंने कहा कि नेताजी से आशीर्वाद लेकर यूपी में बदलाव होगा और यूपी में खुशहाली लाएंगे।

बता दें कि मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का दबदबा माना जाता है। 1993 से ही समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को यहां से जीत मिली है। सिर्फ 2002 में ही इस सीट से भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली थी। करहल में सर्वाधिक यादव मतदाता हैं। इसके अलावा इस सीट पर बघेल, शाक्य, लोधी और मुस्लिम समुदाय के वोटरों की संख्या भी काफी ज्यादा है।