उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने में कुछ ही समय रह गया है और इसी बीच कोरोना के मामले भी काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राजनीतिक पार्टियां पारंपरिक प्रचार अभियान को अपनाने की बजाय डिजिटल माध्यम पर ज्यादा जोर दे रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने अपने सभी रैली कार्यक्रम को स्थगित कर वर्चुअल माध्यम से चुनाव प्रचार की शुरुआत की है।
पिछले दिनों कोरोना के मामलों में वृद्धि को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश के कांग्रेस नेताओं से बातचीत की थी। जिसके बाद उत्तरप्रदेश की सभी रैलियों, संवाद, मैराथन और टाउन हॉल कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई। इन कार्यक्रम पर रोक लगने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वर्चुअल अभियान शुरू किया है।
शनिवार को दोपहर दो बजे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कांग्रेस के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान पर फेसबुक पेज और यूट्यूब पेज के माध्यम से लोगों से बात करेंगी। इस कार्यक्रम में लोग लाइव के जरिए सीधे प्रियंका गांधी से सवाल पूछ सकेंगे। कांग्रेस ने जल्दी ही और भी डिजिटल अभियान शुरू करने की बात कही है।
कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी ने भी अपनी विजय रथ यात्रा कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का 7 से 9 जनवरी तक गोंडा, बस्ती और अयोध्या में रथयात्रा निकालने का कार्यक्रम तय था। लेकिन अब इस स्थगित कर दिया गया है। पार्टी के अनुसार कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए ही इस कार्यक्रम को रद्द किया गया है।
समाजवादी पार्टी भी कोरोना महामारी को देखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर डिजिटल प्रचार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने राज्य के 400 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा चलाए जा रहे व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित करने वाले लिंक ट्वीट किए हैं। इन ग्रुप में पार्टी द्वारा प्रचार अभियान से जुड़े फोटोज वीडियोज भेजे जा रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सके।
वहीं सत्तारूढ़ भाजपा डिजिटल प्रचार अभियान में सबसे आगे दिखाई दे रही है। भाजपा पिछले कुछ महीनों से अख़बार में जमकर विज्ञापन दे रही है। इन विज्ञापनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी के चेहरे साथ ही भाजपा के नारे भी प्रमुख रूप से छापे जा रहे हैं। इसके अलावा ट्विटर और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफ़ॉर्म पर भी भाजपा काफी सक्रिय है। साथ ही भाजपा आने वाले दिनों में थ्रीडी रैली भी आयोजित करने की योजना बना रही है।
इसके अलावा मायावती की पार्टी बसपा भी इस बार के चुनाव में डिजिटल प्रचार अभियान के जरिए लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया है और साथ ही विधानसभा क्षेत्रो में प्रचार वाहन भी भेजने की योजना बना रही है।