यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए जनसमर्थन जुटाने में जुटी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी गुरुवार को दादरी पहुंचीं। यहां उन्होंने रोड शो करके कांग्रेस के लिए वोट मांगा। इसी दौरे के दौरान प्रियंका गांधी एक ठेला लगाने वाले बच्चे से मिली। ठेले पर बच्चे को बैठा देख, वो उसके पास गईं और उसका हालचाल लेने लगीं।

दादरी में ठेला लगाने वाले बच्चे ने प्रियंका को बताया कि उसके पापा बीमार हैं, इसलिए वो ठेला लगा रहा है। इस पर प्रियंका गांधी ने उसके कंधे पर हाथ रखकर अपने कार्यकर्ता से नाम पता लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इनके पापा बीमार हैं तो हम उनको चेक करा देंगे। इसका एक वीडियो भी कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट किया है।

वीडियो शेयर करते हुए यूपी कांग्रेस ने लिखा है- “कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका जी ने दादरी में एक ठेला लगाने वाले से उसका हाल-चाल जाना, पिता की तबीयत खराब रहने की बात पता चलने पर मदद का आश्वासन भी दिया। चेहरों पर मुस्कान लाने निकले हैं हम…”।

कांग्रेस महासचिव ने यहां रोड शो के साथ-साथ घर-घर जाकर प्रचार भी कीं। इस दौरान प्रियंका ने लोगों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है और उनकी लड़ाई में हर संभव मदद करेगी। प्रियंका गांधी ने लोगों से पार्टी उम्मीदवार दीपक चोटीवाला को वोट देने की अपील की।

अपने संबोधन में प्रियंका ने नोएडा में फ्लैट बायर्स के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में फ्लैट खरीदने वालों के साथ खुलेआम अन्याय हो रहा है। कई सालों तक उन्हें बिना रजिस्ट्रेशन के अपने ही घरों में किराएदार के तौर पर रहना पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि दोष बिल्डरों का है, प्रशासन और बिल्डरों की मिलीभगत का है, लेकिन लोगों को भुगतना पड़ता है।

बता दें कि कांग्रेस इस बार यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में सात चरणों में चुनाव होने हैं। जिसके तहत पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा। जिसमें पश्चिमी यूपी में वोट डाले जाएंगे।