यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वादा किया है बीजेपी की राज्य में सरकार आने पर होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राओं को स्कूटी भी दी जाएगी।
दरअसल राजनाथ सिंह यूपी के मनकापुर में बीजेपी के लिए वोट मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान लोगों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कई वादे किए। मनकापुर गोंडा जिले में आता है और यहां पांचवें चरण में यानि कि 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। यहां से बीजेपी ने अपने वर्तमान विधायक रमापति शास्त्री पर फिर से भरोसा जताया है। शास्त्री वर्तमान समय में योगी सरकार में मंत्री भी हैं।
वहीं यहां जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू करने का फैसला तब किया जब आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर हमला किया। भाजपा देश को निराश नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र के गौरव से समझौता नहीं करती है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रह्मोस का निर्माण उत्तर प्रदेश में होगा और यह एक ऐसी मिसाइल है, जिससे दुश्मन डरता है। राजनाथ सिंह ने यह भी दावा किया कि सीएए उन लोगों को नागरिकता देने के लिए लाया गया है जिन्हें कहीं और सताया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ने अपना वादा निभाया और अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य या केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है, जिसका मतलब है कि सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा- “हम असली समाजवादी हैं क्योंकि हम हर पात्र व्यक्ति को राशन और पेंशन बांट रहे हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि मोदी सरकार किसान सम्मान निधि दे रही है, जिसे आगे बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रति वर्ष किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि योगी सरकार के सत्ता में वापस आने पर लड़कियों को स्कूटी दी जाएगी।
