अमित भटनागर, अमित शर्मा

उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पार्टी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। गुरुवार को जारी हुई इस लिस्ट में 125 उम्मीदवारों के नाम जारी किये गए हैं। बता दें कि इस चुनाव में प्रियंका गांधी ने 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की बात कही है। ऐसे में पहली सूची 50 महिला उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। जिनमें से अधिकांश पहली बार चुनावी मैदान में हैं।

इसमें कांग्रेस ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रियंका गांधी ने बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों में महिलाओं के साथ-साथ कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री और समाज सेवी भी शामिल हैं।

आशा सिंह: बता दें कि आशा सिंह उन्नाव रेप पीड़िता की मां हैं। उन्नाव कांड में पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को रेप के आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। सेंगर को पीड़िता के पिता की मौत के मामले में भी दोषी ठहराया गया था। गौरतलब है आशा सिंह 2017 की घटना से पहले बाहरी दुनिया में कम ही नजर आती थी।

आशा सिंह को बाहरी दुनिया की अधिक जानकारी नहीं थी। लेकिन अब वह कहती हैं कि बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने की वजह से उनकी जिंदगी बदल गई है। न्याय पाने के अभियान को तेज करने के लिए वह उन्नाव सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।

पूनम पांडेय: टिकट पाने वालों में पूनम पांडे भी शामिल हैं। वो एक आशा कार्यकर्ता हैं। पिछले साल अपने मानदेय में वृद्धि की मांग के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास की ओर मार्च करने के दौरान पूनम व अन्य आशा कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर पुलिस द्वारा मारपीट की गई थी। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं से प्रियंका गांधी भी मिलीं थी। कांग्रेस ने अब उन्हें शाहजहांपुर निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है।

सदफ जफर: इसके अलावा अभिनेता से कार्यकर्ता बनी सदफ जफर और पूर्व सपा कार्यकर्ता रितु सिंह को भी कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। रितु सिंह पासगावां ब्लॉक के प्रखंड प्रमुख पद के लिए सपा समर्थित प्रत्याशी थीं।

पंखुड़ी पाठक: इसके अलावा पंखुड़ी पाठक को कांग्रेस ने गौतमबुद्ध नगर से प्रत्याशी बनाया है। पंखुड़ी पाठक उत्तराखंड की रहने वाली हैं। पंखुड़ी पहले समाजवादी पार्टी में थी।

हालांकि 2019 की शुरुआत में, पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ मतभेदों के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। उनके पति, व पूर्व सपा प्रवक्ता अनिल यादव भी पिछले साल सपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पंखुड़ी वर्तमान में कांग्रेस के यूपी मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष हैं।

निदा अहमद: इस लिस्ट में 36 वर्षीय निदा अहमद का भी नाम है। उन्होंने करीब 12 साल पहले दिल्ली में पत्रकार के तौर पर काम करना शुरू किया था। उन्होंने आज तक ग्रुप, ज़ी मीडिया, न्यूज़ इंडिया 24×7 सहित अन्य संस्थानों में काम किया है। इस सप्ताह की शुरुआत में वह कांग्रेस में शामिल हो गईं।

अर्चना गौतम: इसके अलावा मेरठ में हस्तिनापुर सीट (एससी-आरक्षित) से कांग्रेस पार्टी ने 26 वर्षीय अभिनेत्री और मॉडल अर्चना गौतम को अपना उम्मीदवार बनाया हैं। वह हिंदी और तमिल फिल्मों की जानी-मानी शख्सियत हैं। उन्होंने आईआईएमटी, मेरठ से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक किया था। अर्चना ने पिछले साल लखनऊ में एक कार्यक्रम में कांग्रेस का दामन थामा था।