उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत से प्रचार में जुटे हैं। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर पर हर राजनीतिक दल जनता को लुभाने की कोशिश में जुटे हैं। राजनीतिक दलों के तमाम दावों के बीच, जनता किसको अपना वोट देगी, ये सवाल अहम हो जाता है। इस बीच, एबीपी न्यूज़-सीवोटर का एक सर्वे सामने आया है जिसमें उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जनता का मूड बताया गया है।
एबीपी न्यूज़-सीवोटर के मुताबिक, अवध क्षेत्र में सत्ताधारी दल भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। अवध क्षेत्र में 118 सीटें हैं और सर्वे के मुताबिक, यहां 44 फीसदी वोट भाजपा के खाते में जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस रीजन में समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर रह सकती है जिसके खाते में 31 फीसदी वोट शेयर जाता नजर आ रहा है। वहीं, बसपा के खाते में 10 फीसदी वोट शेयर और कांग्रेस के खाते में 8 फीसदी वोट जाते नजर आ रहे हैं।
पूर्वांचल क्षेत्र में 130 सीटें हैं, जो किसी भी पार्टी के चुनावी समीकरण को बनाने और बिगाड़ने में अहम भूमिका निभा सकती है।. सर्वे के मुताबिक, पूर्वांचल में भाजपा को 41 फीसदी वोट शेयर मिलता दिख रहा है, वहीं समाजवादी पार्टी 36 फीसदी वोट शेयर के साथ सत्ताधारी दल को टक्कर देती दिखाई दे रही है।बसपा को पूर्वांचल में 12 फीसदी और कांग्रेस के खाते में 7 फीसदी वोट शेयर जाता दिखाई दे रहा है।
बुंदेलखंड इलाके की बात करें तो यहां भाजपा को बढ़त मिलती नजर आ रही है। इस क्षेत्र में 19 सीटे हैं और सारे राजनीतिक दल इन सीटों पर नजरें जमाए हुए हैं। सर्वे के मुताबिक, बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा के खाते में 42 फीसदी वोट शेयर जाता दिखाई दे रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी के खाते में 33 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। मायावती की पार्टी बसपा के खाते में 11 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। जबकि कांग्रेस को इस इलाके में 9 फीसदी वोट मिल सकता है।
पश्चिमी यूपी की 136 सीटों की बात करें तो यहां, भाजपा को शुरूआती बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। भाजपा को इस इलाके में 40 फीसदी वोट शेयर मिलता नजर आ रहा है। वहीं, अखिलेश यादव की पार्टी को 33 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है। बसपा को पश्चिमी यूपी में 15 फीसदी वोट मिल सकता है जबकि इस इलाके में कांग्रेस के खाते में 7 फीसदी वोट शेयर जाता नजर आ रहा है।