यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर एबीपी सी-वोटर के सर्वे में पता चला है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से सत्ता वापसी कर सकती है। सर्वे में भाजपा को 221 से 231 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में 147-157 सीटें आ सकती है। बता दें कि अगर सर्वें में दिये आंकड़े नतीजों में सच निकलते हैं तो साफ है कि भाजपा को एक बार फिर से यूपी की कमान मिलेगी।

एबीपी सी-वोटर के सर्वे में बहुजन समाज पार्टी को 7 से 13 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 5 से 9 सीटें मिल सकती है। यूपी चुनाव को लेकर सुपर ओपिनियन की बात करें तो एबीपी-सी वोटर के अलावा अन्य एजेंसियों के सर्वे में भी भाजपा सत्ता में वापसी करती दिख रही है।

इंडिया टीवी के सर्वे के मुताबिक चुनाव में भाजपा को 230-235 सीटें मिल सकती हैं। वहीं सपा 160 से 165 सीटों तक पहुंच सकती है। इसके अलावा सर्वे में बसपा 2 से 5 और कांग्रेस द्वारा 3 से 7 सीटें जीतने का अनुमान है।

रिपब्लिक P MARQ के सर्वे में भाजपा को 252-272 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सपा 111-131 सीटें, बसपा 8-16 और कांग्रेस 3-9 सीटों पर रुकती दिख रही है।

Polstart NewsX के सर्वे में भाजपा को 235-245 सीटें जीतने का अनुमान है। सपा 120 से 130, बसपा 13-16 और कांग्रेस के खाते में 4-5 सीटें आ सकती हैं। बता दें कि इन तमाम सर्वें में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में नजर आ रही है। फिलहाल चुनाव नतीजों के बाद ही यूपी विधानसभा की असली तस्वीर साफ हो पाएगी।

सपा को झटका: इस बीच समाजवादी पार्टी को एक तगड़ा झटका लगा है। दरअसल सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने बुधवार को दिल्ली में भाजपा का दामन थाम लिया। चुनाव से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम को सपा के लिए नुकसानदायक माना जा रहा है।

गौरतलब है कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। उन्होंने 2017 में लखनऊ की कैंट सीट से सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। लेकिन जीत नहीं मिली थी और वो बीजेपी की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार गई थीं।