ABP C-Voter Survey: यूपी समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के नतीजे तो 10 मार्च को आएंगे, लेकिन ABP C-Voter Survey के ताजा सर्वे में जो नतीजे सामने आ रहे हैं, उसे देखकर लोगों के रुझान सामने आने लगे हैं। ये नतीजे बता रहे हैं कि यूपी में भाजपा की सरकार फिर बन रही है। समाजवादी पार्टी उससे काफी पीछे लग रही है। इस नतीजे में बसपा और कांग्रेस के पास डेढ़ दर्जन सीटें भी नहीं आ पा रही है। पश्चिमी यूपी में किसान आंदोलन के असर की वजह से सपा की सीटें बढ़ तो रही हैं, लेकिन भाजपा को कोई खास नुकसान नहीं कर रही हैं।

यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों में जनता से मिले रुझान के मुताबिक सबसे छोटा क्षेत्र बुंदेलखंड जहां पर कुल 19 सीटें हैं, वहां पर बीजेपी के हिस्से में 13-17 सीटें, समाजवादी पार्टी को बहुत कम 2 से 6 सीटें ही मिलती दिख रही हैं। वहीं बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को 0 से एक सीट ही मिल रही है। इतना ही अन्य के हिस्से में आ रही है।

अवध क्षेत्र जहां कुल 118 सीटें हैं, वहां भाजपा 71 से 75 सीटों पर कब्जा करती दिख रही है। समाजवादी पार्टी के हिस्से 40 से 44 सीटें आ रही हैं। बसपा, कांग्रेस और अन्य के हिस्से में शून्य से दो सीटें ही आ रही हैं।

सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र पूर्वांचल में है, जहां कुल 130 सीटें हैं। इस क्षेत्र में भाजपा को 66 से 70 सीटें और समाजवादी पार्टी को 48 से 52 सीटें मिल रही हैं। यानी अंतर काफी कम लेकिन महत्वपूर्ण हैं। वहीं बसपा को 5 से 7 सीटें और कांग्रेस के हाथ केवल 1 से 3 सीटें ही आ रही हैं। अन्य को 3 से 5 सीटें मिल रही हैं।

किसान आंदोलन के दौरान जिस क्षेत्र में सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा विरोध नजर आ रहा था, वह क्षेत्र है पश्चिमी यूपी का क्षेत्र। यहां कुल 136 सीटें हैं। एबीपी न्यूज और सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक यहां भी भाजपा को ज्यादा सीटें 71 से 75 मिल रही हैं। जबकि समाजवादी पार्टी को 53 से 57 सीटें ही मिल रही हैं। वहीं बसपा को 4 से 6 सीटें और कांग्रेस को 1 से 3 सीटें ही मिल रही हैं। अन्य के हिस्से में 0 से 2 सीटें जा सकती हैं।

अभी मतदान में थोड़ा वक्त है, और अभी लोगों के मन में बदलाव संभव है, लेकिन आज की स्थिति में ABP C-Voter सर्वेक्षण के मुताबिक राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा की ही सरकार बनती दिख रही है।