राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए तिथि की घोषणा कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को नई दिल्ली में सभी पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि राजस्थान में 16वीं विधानसभा चुनाव के लिए एक फेज में 23 नवंबर को मतदान कराए जाएंगे।

चुनाव की अधिसूचना 30 अक्टूबर 2023 को जारी होगी। नामांकन करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर है और नामांकन पत्रों की जांच 7 नवंबर को होगी। 9 नवंबर तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। राज्य में कुल दो सौ सीटें हैं। यहां कुल मतदाताओं की संख्या 5.26 करोड़ है। इनमें से 2.73 करोड़ पुरुष और 2.51 करोड़ महिला मतदाता हैं।

राज्य में इस बार 6.96 लाख नए मतदाता जुड़े हैं, जो पहली बार अपना वोट डालेंगे। राज्य में 5.61 लाख विशेष मतदाता हैं। इनको डाक मतपत्र के जरिए अपना मतदान करने की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। राज्य में 17,241 वोटर ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है। इसके अलावा 11.78 लाख मतदाताओं की उम्र 80 वर्ष से अधिक है।

तारीख की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू

मतदान की तिथि का ऐलान होते ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गया है। राज्य में भाजपा और कांग्रेस दो बड़े दल हैं। पिछले कई विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता इन्हीं दोनों दलों में से किसी एक के पास बारी-बारी से रहती है।

इस बीच राज्य में चुनावी हलचलें तेज हो गई हैं। राजस्थान में चुनाव की तारीख की घोषणा होने से पहले ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनता को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए बिहार की तर्ज पर राज्य में जातीय जनगणना कराने की घोषणा कर दी।

इससे पहले हाल ही में उन्होंने सूबे में 8 समाज कल्याण बोर्ड गठित करने का ऐलान किया था। उसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने राजस्थान में भी बिहार पैटर्न पर जातिगत योजना जनगणना करवाने का ऐलान किया। हालांकि गहलोत ने जातिगत जनगणना कराने का कोई तय समय नहीं बताया।

फिलहाल यह चुनाव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। पिछले काफी समय से उनके और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच आपसी टकराव चल रहा है। ऐसे में पार्टी के अंदर ही काफी मतभेद हैं। चुनाव से पहले सबको एकजुट करना और जनता के बीच सबके साथ होने का संदेश देना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।