Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोरों पर चला रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में जनसभा के दौरान बीजेपी और पीएम मोदी पर करारा हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि बीजेपी अगर चुनाव जीत जाती है तो संविधान बदल देंगे। मोदी जी ने अपने अरबपति दोस्तों की मदद के लिए मीडिया को भी खरीद लिया है।
रायबरेली से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी हैं। जिनके समर्थन में उनकी बहन प्रियंका गांधी रैली करने लोकसभा क्षेत्र पहुंचीं। इस दौरान रायबरेली सीट में जनसभा करते हुए प्रियंका ने वर्तमान सरकार पर हमला बोला। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर आप लोग भाजपा को वोट देंगे तो वो लोग संविधान को ही बदल देंगे। उन लोगों ने देश की उन सभी संस्थाओं खत्म कर दिया जिससे आप लोगों को मजबूती मिलती थी। लेकिन जब मोदी जी को लगा कि इससे उनको नुकसान हो रहा है तो वो संविधान को ही बदलना चाहते हैं। उन लोगों ने अपने अरबपति दोस्तों की सहायता करने के लिए देश की मीडिया तक को खरीद लिया।
सपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
रायबरेली के साथ ही अमेठी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की मजबूती के लिए प्रियंका गांधी ने गठबंधन की साथी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बैठक की। इसी दौरान प्रियंका ने थुलवासा में लोगों से बात किया।
रायबरेली में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। जहां एक तरफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनावी मैदान में हैं। वहीं बीजेपी ने यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पर दांव लगाया है।
उद्योगपतियों के साथ बीजेपी की सांठगांठ
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली लोकसभा की एक और पब्लिक मीटिंग को संबोधित करते हुए कहा, “आज नरेंद्र मोदी जी ने कहा कि राहुल जी पहले अडानी-अंबानी का खूब नाम लेते थे लेकिन अब कई दिनों से नहीं ले रहे हैं।’ लेकिन राहुल जी हर दिन अडानी-अंबानी की बात करते हैं। उनके बारे में सच्चाई जनता के सामने रखते हैं। हर दिन हम आपको बताते हैं कि भाजपा की बड़े उद्योगपतियों के साथ सांठगांठ है। मोदी जी ने अपने दोस्तों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिया, किसान आत्महत्या कर रहे हैं लेकिन उनका कर्ज माफ नहीं किया गया।”
कांग्रेस की गढ़ है रायबरेली
कांग्रेस पार्टी की गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली से इस बार राहुल गांधी चुनावी मैदान में हैं। इससे पहले अब तक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी वहां से चुनाव लड़कर संसद पहुंचती थीं। हालांकि हाल ही में सोनिया ने लोकसभा से इस्तीफा देकर राजस्थान से राज्यसभा बनीं हैं। इसी सीट से इंदिरा गांधी चुनाव जीतकर संसद पहुंची थी और देश की प्रधानमंत्री बनी थीं।