राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के पाली में एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने रैली में जमकर कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने अशोक गहलोत पर मीडिया को भी धमकाने का आरोप लगाया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यहां खुद को जादूगर कहने वाले सीएम अपनी हार से इतने बौखला गए हैं कि उन्होंने मीडिया को भी धमकाना शुरू कर दिया है। लेकिन लोग बताते हैं कि लाल डायरी के पन्नों और गणपति प्लाजा से निकलते माल की खबरों पर यहां अघोषित प्रतिबंध लग गया है। मीडिया को दबाकर इनसे जुड़ी खबरें दिखाने से रोका जा रहा है। जिनकी नैया को जनता ने डुबाने का ठान लिया है वो कांग्रेस पैसे देकर अखबारों में फर्जी लहर चलवा रही है। अरे जादूगर साहब आपका जादू आपकी काली कमाई के सच को दबा नहीं सकता है।”

राजस्थान में पेट्रोल की अधिक कीमतों को लेकर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राजस्थान सरकार की लूट का एक उदाहरण यहां पेट्रोल की कीमतें हैं। राजस्थान के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है, वहां पेट्रोल 97 रुपये प्रति लीटर मिलता है। लेकिन राजस्थान की कांग्रेस सरकार इन राज्यों से 12 रुपये ज्यादा महंगा पेट्रोल बेचती है। मैं आज राजस्थान को गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर के बाद यहां भाजपा सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बहुत राहत मिलेगी।”

पीएम मोदी ने महिला अपराध को लेकर भी राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी कांग्रेस कभी महिलाओं का कल्याण और सुरक्षा नहीं कर सकती। कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर 1 बना दिया है।

पीएम मोदी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। पीएम ने कहा, “जब से महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ पारित हुआ है, तब से इन्होंने महिलाओं के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया है। घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणियां हमारी माताओं-बहनों के लिए की हैं। बिहार के मुख्यमंत्री ने तो विधानसभा में महिलाओं के प्रति घोर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला। यही कांग्रेस का असली चेहरा है, जिसे राजस्थान के लोग पहचान गए हैं।”