Lok Sabha Election 2024, Mumbai North Lok Sabha Seat: अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होंगे। लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले 2 सालों में महाराष्ट्र की राजनीति में काफी उथल-पुथल मची हुई है। वहां की दो बड़ी पार्टियों (एनसीपी-शिवसेना) में टूट हुई। मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट चर्चा का विषय बनी हुई है। यह सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है। पिछले 9 लोकसभा चुनाव में सात बार यहां पर बीजेपी को जीत मिल चुकी है।
बीजेपी का गढ़ मानी जाती है मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट
वर्तमान में मुंबई नॉर्थ सीट से सांसद भाजपा के गोपाल शेट्टी हैं। 2014 में भी गोपाल ही बीजेपी के टिकट पर सांसद बने थे। 1989 से लेकर 2004 तक यहां से सांसद भाजपा के दिग्गज नेता राम नाइक थे। 2004 में उन्हें फिल्म सुपरस्टार गोविंदा से चुनौती मिली और वह चुनाव हार गए। 2009 के चुनाव में भी बीजेपी ने राम नाइक पर भरोसा जताया तो वहीं कांग्रेस ने संजय निरुपम को प्रत्याशी बना दिया। संजय निरुपम ने राम नाइक को मामूली अंतर से हरा दिया।
इसके बाद 2014 का लोकसभा चुनाव होने वाला था और बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही थी। भाजपा ने सीट से नए चेहरे गोपाल शेट्टी को मैदान में उतारा और उन्होंने बड़े अंतर से जीत दर्ज कर बीजेपी को जीत दिलाई। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर से गोपाल शेट्टी पर भरोसा जताया और कांग्रेस ने अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को मैदान में उतारा। उर्मिला की करीब साढ़े 4 लाख वोटों से हार हुई।
क्या है जातीय समीकरण?
मुंबई नॉर्थ लोक सभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। बोरीवली, दहिसर मागाठाणे, कांदिवली ईस्ट, चारकोप और मलाड वेस्ट शामिल है। यह पूरी तरह से शहरी सीट मानी जाती है और करीब 17 लाख वोटर इस सीट पर हैं।
मुंबई नॉर्थ लोक सभा सीट पर 1.5 लाख मुस्लिम वोटर हैं। तो वहीं बनिया वोटरों की संख्या करीब 50 हजार हैं। यादव 41 हजार, गुजराती 36 हजार, ठाकुर 25 हजार, क्रिश्चियन 25 हजार, चौहान 20 हजार, शर्मा 20 हजार, एससी करीब 2 लाख और मराठा वोटर करीब 4 लाख हैं।