दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की परत छायी हुई है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कोहरे के चलते विजिबिलिटी बहुत कम हो गयी है और उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कोहरे की स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 0.4 डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि शहर में सुबह के समय सर्द मौसम और कोहरा रहा, जिसके बाद दिन भर ठंड बनी रही।
बुधवार देर रात या एक जनवरी को बारिश होने के आसार हैं, जो इस मौसम की पहली बारिश हो सकती है।
नए साल पर दिल्ली समेत इन राज्यों में हो सकती है बारिश
आईएमडी के मुताबिक, 31 दिसंबर और 01 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में और 1 जनवरी 2026 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली समेत इन 5 राज्यों में पांच जनवरी तक छाया रहेगा घना कोहरा
आईएमडी के मुताबिक ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 05 जनवरी तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 02 तारीख तक, पश्चिमी राजस्थान में 03 जनवरी तक रात/सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की अधिक संभावना है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है जबकि लुधियाना और पटियाला में यह क्रमशः 6.8 और 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है जबकि हिसार में यह 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के करौली में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। आईएमडी के अनुसार, अलवर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, दौसा में 6.6 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 6.9 डिग्री, चूरू में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में रात का तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि जोधपुर में यह 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभागों में हल्की बारिश हो सकती है जबकि 1 से 3 जनवरी के दौरान राज्य के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में घना से बेहद घना कोहरा छा सकता है।
पश्चिम बंगाल में ठंड
पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बुधवार को कड़ाके की ठंड का असर बना रहा और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि उप-हिमालयी जिलों में अगले एक सप्ताह तक ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन दार्जीलिंग जिले के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
Weather Update LIVE: असम में 6 जनवरी तक स्कूल बंद
असम के गुवाहाटी में कड़ाके की ठंड को देखते हुए असम के कामरूप महानगर जिले में सभी स्कूलों को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। यह जानकारी एक आधिकारिक आदेश में दी गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार रात एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘ शीतलहर को देखते हुए कामरूप (महानगर) जिला प्रशासन ने सभी सरकारी और अन्य स्कूलों को 31 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया है।’’
Weather Update LIVE: दिल्ली हवाई अड्डे पर 148 उड़ानें रद्द
दिल्ली हवाई अड्डे पर घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण बुधवार को कम से कम 148 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 150 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे पर 78 विमानों के आगमन और 70 विमानों के प्रस्थान रद्द कर दिए गए।
Weather Update LIVE: बिहार में स्कूल बंद
बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते राजधानी पटना में कक्षा आठ तक के स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बुधवार को आदेश जारी कर 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया है। इस आदेश के दायरे में सभी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता आज ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 384 रहा। दिल्ली में 21 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ जबकि 16 केंद्रों पर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के मुताबिक, आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही और एक्यूआई 452 दर्ज किया गया।
1 जनवरी से दिल्ली में तापमान बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जनवरी से दिल्ली में तापमान बढ़ने की संभावना है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। कोहरे के चलते दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं।
Weather Update LIVE: नए साल पर कैसा होगा यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में नए साल में बारिश हो सकती है जिससे ठंड और बढ़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बुजुर्गों,बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
Delhi-NCR Aaj Ka Mausam LIVE: दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी कम
दिल्ली-एनसीआर में कई इलाके घने कोहरे की चादर से ढके हुए हैं, जिसके चलते विजिबिलिटी कम हो गई।
राजस्थान में बारिश
राजस्थान के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर मंडल और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद बीकानेर, जयपुर और भरतपुर मंडलों में 1 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।
Delhi-NCR Aaj Ka Mausam LIVE: दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा
दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की परत छायी हुई है। कोहरे के चलते विजिबिलिटी बहुत कम हो गयी है और यातायात प्रभावित हुआ है।
दिल्ली हवाई अड्डे ने मौजूदा कोहरे की स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए एक चेतावनी जारी की है। यात्रियों को फ्लाइट की स्थिति चेक कर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गयी है।
