मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भोपाल उत्तर विधानसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार आरिफ अकील और उनके बेटे के खिलाफ कोहेफिजा पुलिस द्वारा आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। आरिफ अकील पर आरोप है कि बेटे समेत 9 नवंबर को नामांकन जमा करने के दौरान उन्होंने रैली निकाली थी जिसमें 100 और 50 के नोट उड़ाए गये थे। वीडियोग्राफी के दौरान ये घटना कैमरे में भी कैद हुई, नोट उड़ाने के दौरान कलेक्ट्रेट ऑफिस के सामने जाम की स्थिति बन गयी थी। इस घटना की शिकायत रिटर्निंग अफसर ने पुलिस से की। कहा जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ और भी धाराएं बढ़ सकती है।

कोहेफिजा पुलिस के टीआई अर्जुन मुजाल्दे के अनुसार मध्यप्रदेश की भोपाल उत्तर विधानसभा से कांग्रेस के नेता आरिफ अकील ने 9 नवंबर को रैली निकालने की अनुमति ली थी लेकिन आरिफ अकील और उनके बेटे के द्वारा रैली में नोट बाँटने की शिकायत रिटार्निंग ऑफिसर को मिली। जब रिटार्निंग ऑफिसर अशोक कुमार भोजवानी ने रैली की वीडियोग्राफी देखी तो उसमें आरिफ अकील और उनके बेटे नोट उड़ाते हुए नजर आये। जांचकर्ता ने बताया कि आरोपियों के द्वारा 100 और 50 के नोट उड़ाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह चुनावी अचार संहिता का उल्लंघन है।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य में अब तक आचार संहिता उल्लंघन की पुलिस ने कुल 225 एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा 64 मामले कोलाहल अधिनियम के तहत दर्ज हुए है। बात अगर राजनीतिक लोगों पर हुए मुकदमों की जाये तो पुलिस अब तक 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर चुकी है। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, भोपाल मध्य से सुरेंद्र नाथ सिंह, कांग्रेस के गोविन्द गोयल आदि शामिल है। कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ अकील की रैली में नोटों के उड़ने के मामले पर भोपाल के कलेक्टर डॉ. सुदाम पी. खाड़े ने कहा कि, “रैली में नोट उड़ाने पर आरिफ अकील और उनके बेटे के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है।”