Rajgarh Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान से पहले ही देशभर में सियासी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। तमाम राजनीतिक दलों ने अभी से चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे ही मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट को कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह का गढ़ कहा जाता है। हालांकि, दिग्विजय सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। दिग्विजय सिंह का कहना है कि क्योंकि मैं राज्यसभा का सदस्य हूं और अभी भी राज्यसभा कार्यकाल के दो साल से ज्यादा बचे हैं इसलिए वह लोक सभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। इस लोकसभा क्षेत्र में गुना और शाजापुर जिलों का कुछ हिस्सा भी शामिल है। राजगढ़ लोकसभा सीट पर इस वक्त भाजपा का कब्जा है। दिग्विजय सिंह का गढ़ राघौगढ़, राजगढ़ लोकसभा सीट में ही आता है। दिग्विजय सिंह ने 2019 में भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन भाजपा की प्रज्ञा सिंह ठाकुर से 3.65 लाख वोटों के अंतर से हार गए थे। उनके लिए कम्प्यूटर बाबा और मिर्ची बाबा ने अनुष्ठान भी किए थे। इसके बाद भी वह चुनाव नहीं जीत पाए थे।
राजगढ़ सीट का इतिहास
इस सीट पर किसी भी दल या विचार से ज्यादा किले और महल का कब्जा रहा है। इस क्षेत्र में पूर्व में राजा-महाराजाओं का भी दबदबा रहा है। राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र ने बाहरी नेताओं को भी खूब स्वीकार किया। यही कारण है कि 1977 और 80 में जनता पार्टी ने मुंबई के नेता वसंत कुमार पंडित को चुनाव मैदान में उतारा था। इसके बाद 1989 में बाहर से आए नेता प्यारेलाल खंडेलवाल को भाजपा ने चुनाव लड़ाया और वह दिग्विजयसिंह को पटखनी देकर सांसद बनने में कायमयाब रहे।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम
2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के रोडमल नागर ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस की मोना सुस्तानी को हराया था। रोडमल को 8.23 लाख वोट मिले थे। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं मोना को 3.92 लाख मत मिले थे। हैरानी की बात यह है कि पिछले चुनाव में यहां तीसरे स्थान पर NOTA था। 10 हजार से ज्यादा मतदाताओं ने राजगढ़ सीट पर NOTA का बटन दबाया था।
राजगढ़ में आने वाले विधानसभा क्षेत्र
राजगढ़ विधानसभा में राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, खिलचीपुर, सारंगपुर, राघौगढ़, चांचौड़ा और सुसनेर आते हैं। यहां की कुल आबादी 24 लाख 89 हजार 435 है, जिसमें से 81 प्रतिशत आबादी गावों में और 18 प्रतिशत जनसंख्या शहरों में रहती है।
राजगढ़ का जातीय समीकरण
राजगढ़ में कुल मतदाता 16.81 लाख हैं। जिनमें से 8.74 लाख पुरुष और 8.07 लाख महिला मतदाता हैं। यहां की 92 प्रतिशत आबादी हिंदू धर्म में और 6 प्रतिशत लोग इस्लाम धर्म में यकीन रखते हैं। राजगढ़ में 18.68% SC हैं।