Chhindwara Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, उससे पहले ही पूरे देश में सियासी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने अभी से चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे ही मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र का जिक्र होते ही सबसे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है।
छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। पिछले 44 साल में एक लोकसभा उपचुनाव छोड़कर इस सीट पर कमल नाथ का ही बोलबाला रहा है। कमल नाथ छिंदवाड़ा से नौ बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। फिलहाल किसी भी पार्टी ने अभी छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
छिंदवाड़ा से लड़ सकते हैं शिवराज सिंह
हाल ही में मध्य प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा की जिन छह संसदीय सीटों के प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई, उनमें कई पूर्व केंद्रीय मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं जिन्होंने विधानसभा चुनाव जीता है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी लोकसभा चुनाव लड़ाने पर चर्चा हुई। कहा गया कि कांग्रेस के गढ़ छिंदवाड़ा में भाजपा का परचम फहराने के लिए शिवराज सिंह को प्रत्याशी बनाया जाए।
कौन है छिंदवाड़ा का वर्तमान सांसद?
कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ फिलहाल यहां से सांसद हैं। कमल नाथ की पत्नी अलका नाथ भी छिंदवाड़ा का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। नकुल नाथ पूरे प्रदेश में कांग्रेस के इकलौते सांसद हैं। यहां की जनता ने कांग्रेस को कभी निराश नहीं किया। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में सात विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें से तीन सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सभी सातों सीटें जीती थीं।
छिंदवाड़ा से कौन लड़ेगा चुनाव?
हाल ही में कांग्रेस सांसद नकुलनाथ ने कहा था कि छिंदवाड़ा से कमलनाथ चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि मैं ही लडूंगा। वर्तमान में मध्य प्रदेश की 29 विधानसभा सीटों में से 28 पर बीजेपी का कब्जा है, सिर्फ एक संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा ही कांग्रेस के पास है।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम
लोकसभा चुनाव 2019 में छिंदवाड़ा लोकसभा सीट को छोड़कर भाजपा ने मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के नकुल नाथ को 54,7305 (47.06%) वोट मिले थे। वहीं नकुल नाथ से हारने वाले भाजपा उम्मीदवार नाथन शाह को 5.09 लाख वोट मिले थे। इस सीट पर तीसरे स्थान पर ABGP पार्टी के मनमोहन शाह बट्टी थे।
छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में कितनी विधानसभाएं?
इस संसदीय क्षेत्र में छिंदवाड़ा, परासिया, सौंसर, पांढुर्णा, जुन्नारदेव, चौरई और अमरवाड़ा समेत सात विधानसभाएं शामिल हैं। छिंदवाड़ा में कुल 15,12,369 मतदाता हैं। जिनमें से पुरुष मतदाता -7,71,601, महिला मतदाता- 7,40,740 और थर्ड जेंडर के 28 वोटर्स हैं।
जातीय समीकरण
2011 की जनगणना के आधार पर छिंदवाड़ा की संसदीय सीट के समीकरण की बात करें तो यहां लगभग 11.1% (167,085) अनुसूचित जाति के वोटर्स हैं। वहीं, सीट पर अनुसूचित जनजाति (एसटी) की आबादी 36.2% (544,907) है। साथ ही मुस्लिम मतदाता 4.7% (71,152) हैं। इस सीट पर ग्रामीण मतदाता 75.3% (1,133,466) और शहरी मतदाता 24.7% (371,801) हैं।