लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान शनिवार दोपहर 3 बजे चुनाव आयोग करेगा। इस बीच अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट को लेकर बड़ी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बार अमेठी और रायबरेली से गांधी परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। अभी रायबरेली से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद है। हालांकि वह पहले ही चुनाव लड़ने से इनकार कर चुकी है और राजस्थान से राज्यसभा जा चुकी हैं।

वायनाड से सांसद हैं राहुल गांधी

वहीं अमेठी के पूर्व सांसद राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वर्तमान में वह वायनाड से सांसद भी हैं। TV9 की रिपोर्ट के अनुसार राहुल गांधी का मानना है कि अगर वह अमेठी और वायानाड दोनों सीटों से चुनाव लड़ते हैं और दोनों जगह से जीत जाते हैं तो उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। उनका मानना है कि अगर वह एक सीट छोड़ेंगे तो लोगों के बीच गलत मैसेज जाएगा कि हमने जिताया और हमें छोड़कर चले गए।

प्रियंका भी कर चुकी हैं इनकार

इस बीच प्रियंका गांधी को लेकर चर्चा है कि वह रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन सूत्रों के अनुसार उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। प्रियंका गांधी का मानना है कि अगर रायबरेली से वह चुनाव लड़ती हैं तो जनता के बीच परिवारवाद को लेकर गलत संदेश जाएगा। उनका मानना है कि एक परिवार के तीन सदस्य संसद में कैसे जा सकते हैं?

बता दें कि भाजपा हमेशा विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप लगाती रहती है। ऐसे में अगर प्रियंका भी चुनाव लड़ती हैं तो बीजेपी एक बार फिर से बढ़-चढ़कर परिवारवाद का आरोप कांग्रेस पर लगाएगी। चुनाव में कांग्रेस को इसका नुकसान भी हो सकता है।

लोकसभा चुनाव 2019 में राहुल गांधी ने अमेठी से भी लोकसभा लड़ा था। हालांकि उन्हें भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था। राहुल गांधी को अमेठी में स्मृति ईरानी ने हराया था। उससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि जीत राहुल गांधी की हुई थी।