Lok Sabha Election 2019: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए हमारी धार्मिक विरासत को बदनाम करने के लिए ‘हिंदू आतंकवाद’ का षड्यंत्र रचा। कितना भी हवन करा लें, जनेऊ दिखा लें, भगवा आतंक के पाप से कभी नहीं बच पाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पाले पोसे आतंकी जब कांग्रेस के राज में भारत में आतंकी हमला करते थे तो ये (कांग्रेस) अपने देश के निर्दोषों को जेल में ठूंस देते थे।

मध्य प्रदेश के खंडवा के छैगांव माखन में पार्टी प्रत्याशी नंदकुमार सिंह चौहान के लिए प्रचार करने आये मोदी ने आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पाकिस्तान के पाले पोसे आतंकी जब यहां हमला करते थे तो ये (कांग्रेसी) निर्दोषों को जेल में ठूंस देते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन्होंने हिन्दू आतंकवाद का कुतर्क गढ़ने के लिये हमारी महान परंपरा को बदनाम करने का गंभीर षडयंत्र रचा और वो भी सिर्फ और सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करने के लिये।’’ मोदी ने कहा, ‘‘इसी का जवाब आज इनको (कांग्रेस) मिल रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये कितने हवन करा दें। जनेऊ दिखा दें। ये पुलिस को भी भगवा ड्रेस सिलवा दें। लेकिन भगवा में जो दाग लगाने की इन्होंने कोशिश की है, साजिश की है, उस पाप से ये कांग्रेस, ये महामिलावटी कभी बच नहीं पायेगें।’’ मोदी ने कहा, ‘‘भाइयों एवं बहनों इन खोटी नीयत वालों से सावधान रहना चाहिये। इनको अगर जरा भी मौका मिला तो ये भारत की सुरक्षा को खतरे में डाल देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देश सुरक्षित नहीं होगा तो विकसित भी नहीं होगा। विकास के लिये पहली शर्त सुरक्षा होती है। मिलावटी सरकार, खिचड़ी सरकार तो सुरक्षा बिल्कुल नहीं दे सकती है।’’

वहीं, दूसरी ओर भोपाल लोकसभा सीट की प्रत्याशी एवं मालेगांव बम धमाकों की आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने रविवार को भोपाल में अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद प्रज्ञा ने मीडिया से कहा कि यह धर्म युद्ध है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी और नरेन्द्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारा है।

भाजपा द्वारा हिन्दुत्व चेहरा साध्वी प्रज्ञा को दिग्विजय के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारने के बाद भोपाल सीट देश की हॉट सीट बन गई है। चुनाव प्रचार के दौरान यह सीट मुख्य रूप से चर्चा का विषय रही। भाजपा का गढ़ कही जाने वाली इस सीट से दिग्विजय को जिताने के लिए कम्प्यूटर बाबा यहां धूनी जलाकर कई साधु-संतों के साथ हठ योग पर बैठे थे। कम्प्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह को जिताने के लिए न केवल उनका प्रचार किया, बल्कि तंत्र-मंत्र का सहारा भी लिया है। कम्प्यूटर बाबा ने साधु-संतों के साथ उनके लिए रोड शो भी किया, जो पूरी तरह से भगवा रंग में रंगा नजर आया था।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019