Loksabha Election 2019: चुनाव के दौरान सभी नेता अपने भाषणों के जरिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कई बार भाषण के दौरान नेताओं की जुबान फिसल जाती है। अब ताजा मामला मध्यप्रदेश से सामने आया है। मध्यप्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष राकेश सिंह ने ऐसा भाषण दिया कि अर्थ का अनर्थ होग गया। दरअसल एक चुनावी सभा के दौरान भगवा आतंकवाद का खंडन करते हुए राकेश सिंह की जुबान फिसल गई।
अपने संबोधन में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘भगवा कभी आतंकवाद नहीं होता। भगवा धारण करने वाला कभी आतंकवादी नहीं होता। आतंकवाद तो त्याग, तपस्या और बलिदान का प्रतीक होता है।’ हालांकि उनके भाषण से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह आतंकवाद की जगह भगवा शब्द कहना चाहते थे। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला किया और कहा कि कांग्रेस के नेता और दिग्गविजय सिंह चुनाव आने पर भगवा कि शरण जाते हैं और माथा टेकते हैं। भगवा कभी आतंकवाद नहीं होता।
बता दें कि 2008 मालेगांव ब्लास्ट के बाद कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद पर बीजेपी को घेरने की कोशिश की थी और इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। इसमें छह लोग मारे गए थे जबकि 100 से अधिक घायल हुए थे।
#WATCH Madhya Pradesh BJP President Rakesh Singh says, “Bhagvaa kabhi aatankwad nahi hota, bhagva dhaaran karne wala kabhi aatankwadi nahi hota, aatankwad to pyaar, tapasya aur balidaan ka prateek hota hai…” pic.twitter.com/7BzK5LhhNQ
— ANI (@ANI) April 24, 2019
मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की ओर से मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर जबकि कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं। साध्वी प्रज्ञा को मालेगांव ब्लास्ट केस में 2017 में बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। हालांकि इस मामले में उनके खिलाफ मुंबई की विशेष एनआईए कोर्ट में अभी भी केस भी चल रहा है।