Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को टक्कर देने के लिए केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी पूरी तैयारी में जुटी हैं। स्मृति चुनाव के दौरान अमेठी ही डेरा जमाएंगी। इसके लिए अमेठी के गौरीगंज में केंद्रीय मंत्री के ठहरने के लिए एक घर तैयार कराया जा रहा है।
माधोपुर ब्लॉक के जामो ब्लॉक में राजमिस्त्री दो मंजिला कृष्णा मैंसन को फिनिशिंग टच देने में लगे हुए हैं। अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान स्मृति के यहीं ठहरने की उम्मीद है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार इस घर से करीब 100 मीटर दूरी पर आलोक ढाबा है। ढाबे की मेजों पर भाजपा कार्यकर्ता डेरा जमाए केंद्रीय मंत्री के अमेठी में चुनावी सभाओं की तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूर्व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री की टीम पिछले पांच साल में उनके द्वारा शुरू की गई 48 परियोजनाओं की सूची बना रही है।
घर के मालिक जितेंद्र ने कहा, ‘मेरे भाई राकेश गुप्ता, माता और मैं स्मृति ईरानी की मेजबानी करने के लिए तैयार हैं। अमेठी एक बार फिर से जीवंत हो जाएगा। हमारा घर तैयार हो रहा है।’
आलोक ढाबे के मालिक ज्ञान प्रताप सिंह का कहना है कि किसी भी पार्टी का कोई भी ऐसा उम्मीदवार नहीं है जो हारने के बाद अमेठी आया हो। हम दीदी के दुबारा चुनाव लड़ने की प्रतिबद्धता को देखते हुए उनकी जीत सुनिश्चित करना चाहेंगे।
सिंह के बेटे आलोक बताते हैं कि किस तरह ईरानी यहां कार्यकर्ताओं के साथ मिलती हैं, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और वोटरों से ‘चिली पनीर और मिस्सी रोटी’ पर चर्चा करती हैं।
साल 2014 में केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया था। केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को यहां जोरदार टक्कर देते हुए उनकी जीत के अंतर को तीन लाख मतों से घटाकर एक लाख कर दिया था। भाजपा आलाकमान ने एक बार फिर से ईरानी को मैदान में उतारा है। पार्टी राहुल को उनकी इस पारंपरिक सीट पर किसी भी तरह से वॉकओवर देने के मूड में नहीं है।
यहीं कारण है कि केंद्रीय मंत्री को इस सीट से उतारा गया है। स्मृति ईरानी के एक बार फिर से मैदान में उतरने से यहां का मुकाबला एक बार फिर हाईप्रोफाइल होने के साथ ही रोमांचक हो गया है। इस कारण पूरे देश की नजर यूपी की अमेठी सीट पर रहेंगी।