General (Lok Sabha) Elections 2019 News: दिल्ली के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजकुमार चौहान शनिवार को भाजपा में शामिल हो गये। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की सात लोकसभा सीटों पर मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस छोड़ी है। उत्तर पश्चिम दिल्ली की सीट से टिकट न दिये जाने के बाद से चौहान कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। पार्टी ने दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को इस सीट से टिकट दी है।

चौहान ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से जिस तरह से मुझे टिकट देने से इंकार किया गया, उससे जनता में नाराजगी थी।’’ शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे चौहान केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।

तिवारी ने कहा कि कांग्रेस छोड़ने का चौहान का फैसला इस पार्टी की नीतियों का ‘‘पर्दाफाश’’ करता है। चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के चुनाव बोर्ड द्वारा तैयार उम्मीदवारों की अंतिम सूची में उनका नाम शामिल था लेकिन पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के एक पदाधिकारी ने उनका नाम हटा दिया। वह 1993 से चार बार मंगोलपुर से विधायक रह चुके हैं। उन्हें 2013 और 2015 विधानसभा चुनावों में आप की राखी बिडलान ने हराया था।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि चौहान अपने समर्थकों का वोट पार्टी में लाकर लोकसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में नेतृत्व का अभाव है और उन्होंने कांग्रेस की दिल्ली इकाई प्रमुख शीला दीक्षित की बढती उम्र के कारण ‘‘स्मृति लोप’’ का हवाला देते हुए उनकी भूमिका पर सवाल उठाए।

दिल्ली कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र कोच्चर ने कहा कि चौहान पार्टी के एक महत्वपूर्ण नेता हैं और यह ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ है कि वह भाजपा में शामिल हो गये। चौहान ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों में भरोसा है और वह भाजपा के साथ अपने खटीक समुदाय को मजबूती से जोड़ने के लिए काम करेंगे।

Live Blog

21:44 (IST)11 May 2019
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजकुमार चौहान भाजपा में शामिल, शीला सरकार में थे मंत्री

 दिल्ली के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजकुमार चौहान शनिवार को भाजपा में शामिल हो गये। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की सात लोकसभा सीटों पर मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस छोड़ी है। उत्तर पश्चिम दिल्ली की सीट से टिकट न दिये जाने के बाद से चौहान कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। पार्टी ने दिल्ली कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को इस सीट से टिकट दी है। चौहान ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से जिस तरह से मुझे टिकट देने से इंकार किया गया, उससे जनता में नाराजगी थी।’’ शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे चौहान केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।

19:47 (IST)11 May 2019
ममता का दावा- 7 राज्यों में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सीटें कम होंगी और सात अन्य राज्यों में उसे एक भी सीट नहीं मिल पाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने को लेकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मविश्वास डगमगा रहा है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनावों के पिछले पांच चरणों में खराब प्रदर्शन करने के बाद भाजपा वोटों के लिए बंगाल की तरफ देख रही है।

अपनी पार्टी की उम्मीदवार नुसरत जहां के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने यहां कहा, ‘‘भाजपा को संख्याबल कहां से मिलेगा? उत्तर प्रदेश में उसकी सीटें 73 से घटकर 13 या 17 पर आ जाएंगी। आंध्र प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब और ओड़िशा जैसे दूसरे राज्यों में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलेगी। मध्य प्रदेश में भी उसकी सीटें घटेंगी।’’ उन्होंने कहा कि मोदी का आत्मविश्वास डगमगा रहा है, क्योंकि उनका चुनाव हारना तय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा को वोट नहीं दें।

18:50 (IST)11 May 2019
धर्मेन्द्र ने सनी देओल के लिए लोगों से समर्थन मांगा

अभिनेता धर्मेन्द्र ने शनिवार को गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और अपने पुत्र सनी देओल के लिए लोगों से समर्थन मांगा और कहा कि चुनावों में उसकी जीत इस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की जीत होगी। धर्मेन्द्र अपने 59 वर्षीय पुत्र के लिए प्रचार करने शुक्रवार को यहां पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह यहां लोगों के दुख दर्द को समझने के लिए आये है। जब उन्हें यह बताया गया कि इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ ने स्थानीय मुद्दों पर बहस करने के लिए देओल को आमंत्रित किया है तो धर्मेन्द्र ने कहा, ‘‘हम यहां बहस करने नहीं आये है, बल्कि लोगों के दर्द को सुनने अवश्य आये है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सनी बहस नहीं कर सकते है। सुनील के पास (राजनीति का) अनुभव है और उनके पिता (बलराम जाखड़) भी एक राजनीतिक थे। हम फिल्म जगत से आए हैं। हम यहां बहस के लिए नहीं आए हैं। हम यहां लोगों का दर्द सुनने आए हैं।’’ धर्मेन्द्र ने कहा कि सुनील जाखड़ उनके बेटे की तरह हैं क्योंकि उनके पिता और लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष बलराम जाखड़ के साथ उनके अच्छे संबंध थे।

17:51 (IST)11 May 2019
जद (एस) से निष्कासित किया गया था:सिद्धारमैया

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को स्पष्ट किया कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने जद (एस) से निष्कासित किया था। सिद्धारमैया ने कलबुर्गी में पत्रकारों से कहा, ‘‘वे (भाजपा) पूछते हैं कि सिद्धारमैया ने जद (एस) को क्यों छोड़ दिया और कांग्रेस में शामिल हो गये। मैंने जद (एस) को नहीं छोड़ा...मुझे निष्कासित कर दिया गया था। आपको सच्चाई पता होनी चाहिए... ।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्टी उम्मीदवार सुभाष राठौड़ के लिए प्रचार कर रहे थे जो चिंचोली विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ रहे है। इस सीट पर 19 मई को उपचुनाव होगा। कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक उमेश जाधव के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के लिए विधानसभा से इस्तीफा दिये जाने के बाद चिंचोली सीट रिक्त हुई थी। जाधव ने गुलबर्गा से लोकसभा चुनाव लड़ा जहां उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे से था।

16:00 (IST)11 May 2019
कांग्रेस का आरोप- फोन के माध्यम से फर्जी सर्वेक्षण परिणाम फैलाए जा रहे

कांग्रेस ने शनिवार को आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया कि मतदन से 48 घंटे पहले वह मतदाताओं को फोन कर ‘‘फर्जी’’ सर्वेक्षण परिणाम फैला रही है। कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने चुनाव आयोग में शिकायत कर आरोप लगाया कि ‘‘मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास के तहत रिकॉर्डेड फोन कॉल का इस्तेमाल कर गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं।’’ यह शिकायत पूर्व मुख्यमंत्री अ‍ैर उत्तर पूर्व दिल्ली से कांग्रेस की उम्मीदवार शीला दीक्षित की चुनाव एजेंट रोमिला धवन ने की है। शिकायत में आम आदमी पार्टी का नाम नहीं है लेकिन कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि इस तरह के हथकंडे आप अपना रही है क्योंकि वह जानती है कि चुनावों में वह हार रही है तथा मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। खेड़ा ने दावा किया कि आप कॉल सेंटर का इस्तेमाल कर मतदाताओं को इस तरह के फोन करवा रही है।

15:22 (IST)11 May 2019
त्रिकोणीय मुकाबले की गवाह बनेगी दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी में छठे चरण के तहत रविवार को मतदान होना है। यहां की सात सीटों पर भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस चुनाव में कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस हासिल करने की कोशिश में लगी हुई है। पार्टी 2014 के आम चुनाव में तीसरे नंबर पर रही थी। चुनाव प्रचार के दौरान फिल्मी सितारों ने जमीन पर उतरकर कांग्रेस, भाजपा और ‘आप’ के लिए वोट मांगे। हेमा मालिनी और सन्नी देओल ने जहां भाजपा के लिए प्रचार किया तो राज बब्बर तथा नगमा ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे। प्रकाश राज, स्वारा भास्कार तथा गुल पनाग ने ‘आप’ के लिए प्रचार किया। प्रचार के दौरान, मुख्यमंत्री अरविंद केरजीवाल को मोती नगर में एक शख्स ने थप्पड़ जड़ा तो ‘आप’ की पूर्वी दिल्ली की उम्मीदवार आतिशी ‘अपमानजनक पर्चे’ को लेकर संवाददाता सम्मेलन में रो पड़ी। वहीं टिकट नहीं मिलने से भाजपा के उत्तर पश्चिम दिल्ली से सांसद रहे उदित राज ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

14:42 (IST)11 May 2019
गठबंधन के बारे में कांग्रेस भी फैला रही है भ्रम: अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर सपा-बसपा गठबंधन के खिलाफ अफवाहें फैलाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं से ऐसी साजिशों से बचने को कहा। अखिलेश ने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रतापगढ़ आये थे और सपा-बसपा में भ्रम फैलाने के लिये जानबूझकर कहा कि सपा दूसरे दलों की मदद कर रही है और वह बसपा के साथ नहीं है। इसी तरह की अफवाह बाकी दल भी फैला रहे हैं।

13:53 (IST)11 May 2019
राहुल गांधी का पीएम पर हमला, बोले- नरेंद्र मोदी के दिल में नफरत, गुस्सा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के शुजालपुर, देवास में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के दिल में नफरत है, गुस्सा है। हमारा काम उस नफरत को मिटाना है, वो मुझ पर आक्रमण करते हैं, मेरे पिता दादी और दादा के बारे में बोलते हैं, नफरत से बोलते हैं। और मैं जा कर झप्पी देता हूं, प्यार से गले लगाता हूं।

13:38 (IST)11 May 2019
अखिलेश बोले- चौकीदार ही नहीं ठोकीदार को भी हटाना है

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक चुनाव सभा के दौरान उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि यूपी में 'ठोको नीति' चलाने वाले भी हैं। यहां कोई नहीं बचा है जो ना ठुका हो। इसलिए हम कहना चाहते हैं कि सिर्फ चौकीदार ही नहीं ठोकीदार को भी हटाना है। बता दें कि यूपी में योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ काफी सख्त रही है और इसी के तहत पुलिस के एनकाउंटर में कई अपराधी ढेर हुए हैं। हालांकि कुछ एनकाउंटर्स पर सवाल भी उठे हैं।

13:32 (IST)11 May 2019
मशहूर अभिनेता अरुण बख्शी भाजपा में हुए शामिल

ANI Image

13:05 (IST)11 May 2019
अलवर सामूहिक बलात्कार कांड, मायावती ने की दोषियों को फांसी की मांग

बसपा प्रमुख मायावती ने राजस्थान के अलवर में पिछले महीने एक दलित विवाहिता के साथ पांच लोगों द्वारा उसके पति के सामने सामूहिक बलात्कार किए जाने की घटना की कड़ी निन्दा करते हुए दोषियों को फांसी की सजा की मांग की है। मायावती ने शनिवार को मीडिया को दिये एक बयान में कहा कि अलवर में हुई वारदात ना सिर्फ दलितों बल्कि महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला है, लिहाजा इस घटना के अभियुक्तों को फांसी की सजा दी जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी चाहती है कि उच्चतम न्यायालय इस अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना का स्वत: संज्ञान ले और समयबद्ध सुनवाई कर सख्त कार्रवाई करे।

12:43 (IST)11 May 2019
सनी देओल ने गुरदासपुर में किया रोडशो
12:41 (IST)11 May 2019
सिद्धू ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने एक बयान में कहा है कि "मोदी जी उस दुल्हन की तरह हैं, जो रोटी कम बेलती है और चूड़ियां ज्यादा खनकाती है, ताकि मोहल्ले वालों को ये पता चले कि वो काम कर रही है। बस यही हुआ है मोदी सरकार में।" 

12:34 (IST)11 May 2019
पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पश्चिम बंगाल में छठे चरण के मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आयोग ने पश्चिम बंगाल में अर्द्धसैनिक बलों की 770 कंपनियां भेजी हैं।

11:47 (IST)11 May 2019
अखिलेश यादव का आरोप- सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को वोट देने से रोका जा रहा है

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा रेड कार्ड के दम पर जीत दर्ज करना चाहती है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सपा के लोगों को रेड कार्ड दिए जाएं। सपा-बसपा कार्यकर्ताओं को वोट देने से रोका जा रहा है। हमने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।

11:45 (IST)11 May 2019
अखिलेश बोले- भाजपा जाति और घृणा की राजनीति कर रही है

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ताधारी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि भाजपा जाति और नफरत की राजनीति कर रही है। उनकी सरकार ने सिर्फ झूठ और नफरत फैलायी है। गठबंधन ने इस सरकार को हटाने का फैसला कर लिया है, जो नफरत के आधार पर बना है।

10:48 (IST)11 May 2019
संजय निरुपम का बयान- हमारे देश में गवर्नर सरकार के चमचे होते हैं

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने अपने एक बयान में कहा है कि हमारे देश में जितने गवर्नर होते हैं, वो सरकार के चमचे होते हैं। सत्यपाल मलिक भी चमचे ही हैं। राजीव गांधी को बोफोर्स मामले में क्लीन चिट दी गई थी। अरुण जेटली भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने उन्हें क्लीन चिट दी।

09:52 (IST)11 May 2019
पश्चिम बंगाल की इस सीट पर फिर से होगा मतदान

पश्चिम बंगाल में कुछ लोकसभा सीटों पर फिर से चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग को इन पोलिंग बूथ्स पर धांधली की शिकायत मिली थी। जिसके बाद आयोग ने यहां 12 मई को फिर से चुनाव कराने के आदेश दिए हैं। जिन पोलिंग बूथ्स पर पुनर्मतदान होगा, उनमें बराकपोरा लोकसभा सीट के 116-कंचरापारा उदबोधिनी माध्यमिक विद्यालय और आरामबाग लोकसभा सीट की 110-लश्करपुर नेताजी प्राथमिक विद्यालय को पोलिंग बूथ शामिल हैं।