Sonia Gandhi On Karnataka Election: कर्नाटक में नई सरकार के गठन के बाद कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कर्नाटक की जनता को धन्यवाद दिया। सोनिया गांधी ने कहा कि दक्षिण राज्य की जनता ने बांटने वाली राजनीति और भ्रष्टाचार को रिजेक्ट कर दिया।
एक वीडियो संबोधन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी को ऐसा ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए आप सभी कर्नाटक के लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि यह जनादेश एक जन-समर्थक, गरीब-समर्थक सरकार के लिए है। इस जनादेश ने बांटने वाली और भ्रष्टाचार करने वाली सरकार को रिजेक्ट कर दिया है।’ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष का यह बयान कांग्रेस नेता सिद्धारमैया के कर्नाटक के मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने के घंटों बाद आया है।
हमारी सरकार किए गए वादों को पूरा करने पर कायम रहेगी: सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने कहा, “मैं कर्नाटक के लोगों को भरोसा देना चाहती हूं कि आज शपथ लेने वाली कांग्रेस सरकार उनसे किए गए वादों को लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम रहेगी।” उन्होंने कहा, “मुझे गर्व है कि पहली कैबिनेट बैठक ने पहले ही हमारी पांच गारंटी के कार्यान्वयन को मंजूरी दे दी है। कांग्रेस कर्नाटक की समृद्धि, शांति और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। जय हिंद।”
बेंगलुरु में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस ने 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 135 सीटें स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसके साथ ही भाजपा दक्षिण भारत से बाहर हो गई। यानी अब बीजेपी की सरकार दक्षिण के किसी भी राज्य में नहीं है। कर्नाटक में हार के बाद भाजपा का दक्षिण का किला ढह गया है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 113 सीटों की जरूरत होती है, लेकिन कांग्रेस ने 135 सीटों पर फतह हासिल कर एक रिकॉर्ड बनाया है।
नफरत के बाजार में अब कई मोहब्बत की दुकानें खोल दीं: राहुल गांधी
कर्नाटक में कांग्रेस के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राहुल गांधी ने कर्नाटक की जनता का आभार जताया। राहुल गांधी ने कहा, ‘कर्नाटक की जनता को मैं शुक्रिया कहना चाहता हूं। जिन मुश्किलों का आपने सामना किया, उस बारे में सिर्फ आप और हम जानते हैं। मैं साफ करना चाहता हूं कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत इसलिए हुई है क्योंकि हम दलितों, गरीबों और पिछड़ों के साथ खड़े रहे। हमने कर्नाटक में नफरत के बाजार में अब कई मोहब्बत की दुकानें खोल दी हैं।