Karnataka Assembly Polls: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में इस वक्त चुनाव प्रचार अभियान जोरों पर हैं। सभी प्रमुख पार्टियों के शीर्ष नेता जनता को लुभाने के लिए तमाम तरह के वादे और दावे कर रहे हैं तो वहीं आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इसी बीच रविवार (30 अप्रैल, 2023) को प्रियंका गांधी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। प्रियंका गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस से सवाल दाग दिया।
इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS बन सकते थे: प्रियंका गांधी
कर्नाटक के खानापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ‘भाजपा की सरकार ने कर्नाटक से 1.50 लाख करोड़ रुपए लूटे हैं। उन्होंने कहा कि ये लूट की, झूठ की सरकार है। इन पैसों से कर्नाटक में 100 AIIMS, बच्चों के लिए 30,000 स्मार्ट क्लासरूम, 30 लाख गरीबों के लिए घर बन सकते थे। बीजेपी ने हर स्तर पर लूटा है और राज्य की जनता को धोखा दिया है।
‘भाजपा ने विधायकों को खरीदकर कर्नाटक में सरकार बनाई’
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने विधायकों को खरीदकर कर्नाटक में एक ऐसी सरकार बनाई, जिसकी नीयत शुरू से ही गलत थी। नतीजा ये हुआ कि प्रदेश में गवर्नेंस कम हो गया, मुख्यमंत्री बदले गए, विकास कार्य रुक गए, भ्रष्टाचार हुआ। आज कर्नाटक की भाजपा सरकार 40% कमीशन सरकार के नाम से जानी जाती है। गांधी ने कहा कि इस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी मुद्दे हैं। अगर भाजपा के नेता जनता का ध्यान कहीं और आकर्षित करना चाहते हैं तो वो ये करें, हम नहीं करेंगे।
प्रियंका गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के दावणगेरे में कहा, ‘मैं पिछले पांच दिनों से पूछ रहा हूं, वे सिद्धारमैया सरकार के दौरान हुए बड़े घोटालों पर जवाब क्यों नहीं देते? जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेता डी.के. शिवकुमार जमानत पर बाहर हैं, वे इसका जवाब क्यों नहीं देते? वे हिम्मत कैसे जुटाते हैं?” उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोग सब कुछ अच्छी तरह जानते हैं।
हमारी सरकार ने आर्थिक विकास के साथ सामाजिक न्याय को भी महत्व दिया: नड्डा
जेपी नड्डा ने आगे कहा कि हमारी सरकार गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, महिला, किसान सभी को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। अगर हम आर्थिक विकास की बात कर रहे हैं तो हमने सामाजिक दृष्टि से भी सामाजिक न्याय को महत्व दिया है। अगर हम SC भाइयों का आरक्षण दो प्रतिशत बढ़ाते हैं तो आदिवासी भाइयों का आरक्षण चार प्रतिशत बढ़ाते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज से 9 साल पहले 92% मोबाइल भारत में चीन और दूसरे देशों से आता था। आज मोदी जी के नेतृत्व में 97% मोबाइल अब भारत बना रहा है। जिस जापान को हम ऑटोमोबाइल के लिए जानते थे, आज भारत, जापान को पछाड़कर तीसरे नंबर का ऑटोमोबाइल मार्केट बन गया है।