Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश की इत्र नगरी कन्नौज का चुनाव समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का चुनाव बन गया है। कन्नौज से सपा चीफ अखिलेश यादव खुद चुनावी मैदान में हैं। अखिलेश के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और नेता कन्नौज पहुंच रहे हैं। इस बीच बीजेपी नेता सुब्रत पाठक ने कहा कि बीते कई दिनों से कुछ संदिग्ध लोग कन्नौज में आए हैं।
बीजेपी नेता सुब्रत पाठक ने कहा कि मुझे कार्यकर्ताओं के द्वारा पता चला कि आम चुनाव को प्रभावित करने की प्लानिंग की जा रही है। अराजकता फैलाने की मंशा से विशेष समुदाय के लोग कन्नौज में बुलाए जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे लोग मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में आए हैं, जिन्हें पहले कभी भी देखा नहीं गया है। सुब्रत पाठक ने कहा कि एक बार उनकी जांच हो जानी चाहिए।
बीजेपी नेता ने कहा कि गरीब तबके का मुस्लिम इस बार बीजेपी को वोट देने वाला है। कुल मिलाकर उनको दहशत में लेना और दवाब में लेना समाजवादी पार्टी का काम रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 20 से 25 गुंडों को वे आगे बढ़ाते थे। वे सभी लोगों को धमका कर वोट ले लेते थे। उन्होंने कहा कि हम एनआईए नहीं है जो हमें इस बात की पूरी जानकारी हो कि कौन लोग कन्नौज में आकर रह रहे हैं। कार्यकर्ताओं के बताने के बाद हमने जिला निर्वाचन अधिकारी को चिट्ठी लिखी है।
अखिलेश और राहुल गांधी की रैली पर क्या बोले बीजेपी नेता
सुब्रत पाठक ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव डबल कन्फ्यूज है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि ये दोनों ही परिवारवादी लोग हैं। सबकुछ विरासत से ही हासिल हो गया है। मुलायम सिंह के बेटे ना होते तो वह अखिलेश यादव नहीं होते। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा कि अगर राजीव गांधी के बेटे नहीं होते तो वे राहुल नहीं होते। पाठक ने कहा कि 2009 से लड़ाई हमारी और अखिलेश यादव की हो रही है। उन्होंने कहा कि हमने बीएसपी के साथ गठबंधन होने के बाद भी अखिलेश की पत्नी को हरा दिया था।
अखिलेश यादव और राहुल गांधी की कन्नौज में जनसभा
शुक्रवार यानी आज राहुल गांधी और अखिलेश यादव की कन्नौज में जनसभा होनी है। राहुल और अखिलेश की रैली में लोगों की काफी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसकी वजह से बड़ी संख्या में सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता कन्नौज पहुंच रहे हैं। इंडिया गठबंधन की रैली के जरिए अखिलेश यादव कन्नौज में विपक्ष को अपनी ताकत दिखाएंगे। कन्नौज के बाद राहुल और अखिलेश कानपुर के जीआईसी मैदान में भी जनसभा को संबोधित करेंगे।