Gautambuddh Nagar Lok Sabha Elections 2024 Date, Candidate Name: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर में गहमागहमी तेज हो गई है। इसी राजनीतिक उतार -चढ़ाव के बीच गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का पारा भी काफी हाई है। भारतीय चुनाव आयोग ने चुनावी तारीखों का ऐलान कर दिया है। गौतमबुद्ध नगर की लोकसभा सीट काफी अहम मानी जाती है। इस सीट से साल 2019 में बीजेपी के उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा ने जीत दर्ज की थी।
साल 2019 में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर 11 अप्रैल को चुनाव हुए थे। इस बार 7 मई को लोकसभा इलेक्शन होंगे। बीजेपी ने गौतमबुद्ध नगर से महेश शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, सपा ने महेंद्र नागर को टिकट दिया है। बहुजन समाज पार्टी ने राजेंद्र सिंह सोलंकी को मैदान में उतारा है।
Gautam Buddh Nagar Lok Sabha Elections Candidates | ||
Party | Candidates Name | |
BJP | महेश शर्मा | |
BSP | राजेंद्र सिंह सोलंकी | |
Congress | अभी घोषणा नहीं हुई | |
SP | महेंद्र नागर |
साल 2019 लोकसभा चुनाव का परिणाम
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव 2019 में इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा ने जीत हासिल की थी। उनको कुल 8,30,812 वोट मिले थे। उनका वोट प्रतिशत तकरीबन 60 फीसदी रहा था। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सतबीर नागर को 4,93,890 वोट मिले थे। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के डॉ.अरविंद कुमार सिंह रहे। उन्हें 42077 वोटों से संतोष करना पड़ा।
Gautam Buddh Nagar Lok Sabha Elections | ||
पार्टी | उम्मीदवार | वोट |
BJP | डॉ. महेश शर्मा | 8,30,812 |
BSP | सतबीर नागर | 4,93,890 |
Congress | डॉ.अरविंद कुमार सिंह | 42,077 |
साल 2014 में क्या रहा था परिणाम
साल 2014 के चुनाव की बात की जाए तो यूपी की इस वीआईपी सीट पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ.मोहन शर्मा ने ही जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी और समाजवादी पार्टी के नेता नरेंद्र भाटी को हराया था। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सतीश अवाना तीसरे नंबर पर रहे थे। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रमेश चंद तोमर वोटिंग से कुछ दिन पहले ही चुनावी मैदान से हट गए थे। डॉ. महेश चंद्र और नरेंद्र भाटी के बीच जीत का अंतर लगभग 23 फीसदी का था।
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का सियासी इतिहास
2009 में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का गठन हुआ था। परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद नोएडा, सिकंदराबाद, दादरी, जेवर और खुर्जा विधानसभा को इस लोकसभा सीट में जोड़ा गया था। गौतमबुद्ध नगर की एक खास बात यह भी है कि यह जिला बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का गृह जनपद भी है। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर पहली बार साल 2009 में चुनाव हुए थे, इसमें बीएसपी के सुरेंद्र सिंह नागर जीते थे। वहीं, भाजपा उम्मीदवार डॉ. महेश शर्मा दूसरे पायदान पर रहे थे।
गौतमबुद्ध नगर सीट का जातीय समीकरण
सबसे पहले हम यह जानते हैं कि आखिर गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में किन जातियों का दबदबा है। यहां के सियासतदानों की किस्मत कौन तय करते हैं। तो आपको बता दें कि इस लोकसभा सीट पर गुर्जर, ठाकुर, दलित, मुसलमान और ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है और इन्हीं जातियों के वोटर्स यहां की किस्मत तय करते हैं। गौतमबुद्ध नगर के करीब 23 लाख वोटरों में से करीब-करीब 16 लाख वोटर गावों में रहते हैं। इनमें से करीब 4 से 4.5 लाख के करीब वोटर ठाकुर हैं। वहीं, ब्राह्मणों के वोटरों की तादाद भी तकरीबन 4 लाख है। मुस्लिमों की संख्या साढ़े तीन लाख, गुर्जरों की संख्या 3.5 से 4 लाख है। वहीं, दलित वोटरों की संख्या 3.5 लाख है। बाकी 3 लाख वोटर अन्य में शामिल हैं।