Dhanbad Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव आने वाले हैं और झारखंड की राजनीति पिछले कुछ महीनों से चर्चा का विषय बनी हुई है। अगर झारखंड की बात होती है तो धनबाद लोकसभा सीट की भी चर्चा जरूर होती है। धनबाद लोकसभा सीट झारखंड की सबसे बड़ी लोकसभा सीट है और यहां पर 22 लाख से अधिक मतदाता हैं।
धनबाद लोकसभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें धनबाद, बोकारो, सिंदरी, झरिया, चंदनकियारी और निरसा विधानसभा क्षेत्र शामिल है। धनबाद लोकसभा क्षेत्र बीजेपी का गढ़ माना जाता है। वर्तमान में यहां से बीजेपी के पशुपतिनाथ सिंह सांसद हैं।
आजादी के बाद धनबाद लोकसभा सीट पर कुल 13 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं। इसमें से सात बार बीजेपी को जीत मिली है तो वहीं तीन बार कांग्रेस को जीत मिली है। इस सीट से तीन बार निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली है।
2019 में बीजेपी ने बड़े अंतर से दर्ज की थी जीत
अगर हम 2019 लोकसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डाले तो बीजेपी के पशुपतिनाथ सिंह ने करीब 4,90,000 वोटों से जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के कीर्ति आजाद को हराया था। कीर्ति आजाद बीजेपी से कांग्रेस में गए थे। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के पशुपति नाथ सिंह ने कांग्रेस के अजय कुमार दुबे को 2,90,000 वोटों से हराया था।
2019 लोकसभा चुनाव-
बीजेपी- पशुपतिनाथ सिंह- जीते, वोट- 4,90,000
कांग्रेस- कीर्ति आजाद- हारीं
कुल वोटर्स की संख्या- 22 लाख से अधिक
धनबाद लोकसभा सीट का जातीय समीकरण
धनबाद लोकसभा सीट पर एसटी, एससी, मुस्लिम, ठाकुर, ब्राह्मण वोटरों का दबदबा है। धनबाद लोकसभा सीट पर एसटी वोटरों की संख्या करीब 3 लाख है। तो वहीं एससी वोटरों की संख्या करीब 2 लाख है। वहीं इस सीट पर करीब 3 लाख वोटर मुस्लिम समुदाय से हैं। जबकि ब्राह्मण ठाकुर वोटरों की संख्या करीब ढाई लाख है।
2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में जब राज्य में जेएमएम – कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी थी, उस दौरान भी धनबाद लोकसभा सीट पर बीजेपी का दबदबा कायम था। बीजेपी ने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 6 विधानसभा क्षेत्र में से पांच पर जीत दर्ज की थी। अब देखना है कि 2024 में इस सीट पर किसका कब्जा होगा।