Chhattisgarh Assembly Election Result: छत्तीसगढ़ की हाईप्रोफाइल सीटों में से एक अंबिकापुर विधानसभा सीट भी है। इसे राज्य की अहम सीटों में से एक माना जाता है। शुरुआती रुझानों में यहां पर कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर देखने के लिए मिली। कांग्रेस के टीएस सिंह देव और बीजेपी के राजेश अग्रवाल के बीच जबरदस्त घमासान देखने के लिए मिली। अभी इस सीट पर जीत-हार का फैसला भी आ गया है। भाजपा के राजेश अग्रवाल ने कांग्रेस के टीएस सिंह देव को 94 वोटों से हरा दिया है। उन्हें 90780 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस को इस सीट से 90686 वोट मिले। वोटों की गिनती 21 राउंड में हुई। कांग्रेस पार्टी के लिहाज से यह सीट बेहद ही अहम थी, क्योंकि यहां से प्रदेश के डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने चुनाव लड़ा था।

कांग्रेस पार्टी का गढ़ है अंबिकापुर सीट

अंबिकापुर सीट पिछले तीन चुनाव से कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है, क्योंकि टीएस सिंह देव यहां से तीन बार से लगातार चुनाव जीतते हुए आ रहे हैं। टीएस सिंह देव के लिए अपनी पारंपरिक सीट पर इस बार कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा है, क्योंकि उनके विरोधी राजेश अग्रवाल कभी उन्हीं की पार्टी में रहते हुए उनके करीबी थे। इस बार के चुनाव में वह कांग्रेस छोड़ बीजेपी में चले गए और बीजेपी ने उन्हें टीएस सिंह देव के खिलाफ उम्मीदवार बना दिया था।

इस सीट पर 2.5 लाख से अधिक हैं मतदाता

सरगुजा जिले की अंबिकापुर सीट पर कुल वोटरों की संख्या 2 लाख 56 हजार 454 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 26 हजार 666 है और महिला वोटरों की संख्या 1 लाख 29 हजार 775 है। यहां दूसरे फेज में हुई वोटिंग में 96,481 पुरुष मतदाताओं ने और 97,494 महिला वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस सीट पर 75.64 प्रतिशत मतदान हुआ था।

गुरु-शिष्य की है लड़ाई

अंबिकापुर सीट पर गुरु-शिष्य की लड़ाई है। टीएस सिंह देव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे राजेश अग्रवाल लखनपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में उनकी अच्छी पैंठ थी, लेकिन पिछले चुनाव के समय ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। पिछले चुनाव में तो उन्हें टिकट नहीं मिला था, लेकिन बीजेपी ने इस बार उन्हें टीएस सिंह देव के खिलाफ टिकट दे दिया। राजेश अग्रवाल का अंबिकापुर के ग्रामीण मतदाताओं के बीच अच्छा खासा प्रभाव है।

इस सीट पर 2018 में ऐसा रहा था परिणाम

कांग्रेस के टीएस सिंह देव ने 2018 के चुनाव में अंबिकापुर सीट पर करीब 40 हजार वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी। 2018 में इस सीट पर टीएस बाबा का मुकाबला बीजेपी के अनुराग सिंह देव से था। उन्होंने 60815 वोट मिले थे, जबकि टीएस सिंह को 100439 वोट हासिल हुए थे। इस बार भी इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही कांटे का मुकाबला है।