By-Election Results 2023: नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय विधानसभा चुनाव के साथ-साथ आज 6 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए भी वोटों की गिनती की जा रही है। इन विधानसभा सीटों में तमिलनाडु की इरोड (ईस्ट), पश्चिम बंगाल की सागरदीघी, झारखंड की रामगढ़, महाराष्ट्र की कस्बा पेठ और चिंचवाड़ सीट शामिल हैं। महाराष्ट्र में 26 फरवरी को वोट डाले गए थे, जबकि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, झारखंड में 27 फरवरी को मतदान हुआ था।

अरुणाचल प्रदेश की लुमला सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीते

अरुणाचल प्रदेश के लुमला सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश की लुमला विधानसभा सीट, रामगढ़ (झारखंड), इरोड पूर्व (तमिलनाडु), सागरदिघी (पश्चिम बंगाल) और कस्बा पेठ, महाराष्ट्र की चिंचवाड़ विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। कस्बा पेठ में पांचवें राउंड के बाद कांग्रेस के रविंद्र धंगेकर 3000 वोटों से आगे निकल गए हैं। कस्बा विधानसभा सीट पर BJP और कांग्रेस के बीच में कांटे का मुक़ाबला है।

पुणे उपचुनाव में भाजपा आगे

महाराष्ट्र की चिंचवाड़ विधानसभा सीट पर दूसरे राउंड के बाद BJP के अश्विनी जगताप के हिस्से 7993 वोट आए। वहीं, एनसीपी के नाना काटे के हिस्से में 7348 और निर्दलीय राहुल कलाटे के हिस्से में 3043 वोट आए हैं। पश्चिम बंगाल की सागरदीघी सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत का दावा किया है। उपचुनाव के लिए जारी काउंटिंग के बीच तमिलनाडु के इरोड ईस्ट उपचुनाव में कांग्रेस के ई.वी.के.एस.एलंगोवन आगे चल रहे हैं। रामगढ़ (झारखंड) उपचुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJST) पार्टी आगे चल रही है। चिंचवाड़ (पुणे, महाराष्ट्र) उपचुनाव में भाजपा आगे और कस्बा पेठ सीट (पुणे, महाराष्ट्र) पर कांग्रेस आगे चल रही है।

तमिलनाडु में कांग्रेस सांसद ने किया गठबंधन की जीत का दावा

इरोड पूर्व उपचुनाव पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि मैं पहले ही कह चुका हूं कि डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन 50,000 से कम मतों के अंतर से जीतेगा और रुझान इसका संकेत दे रहे हैं। यह हमारे गठबंधन को और मजबूत करेगा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस के साथ विपक्षी एकता की कल मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की घोषणा के बाद, हमारे पास आने वाले संसदीय चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक मजबूत मोर्चा होगा।

तमिलनाडु के इरोड (पूर्व) उपचुनाव के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के आगे चलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। ईरोड ईस्ट उपचुनाव में कांग्रेस के आगे चलने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कांग्रेस की जीत निश्चित है क्योंकि सभी को उम्मीद थी। हमारी पार्टी के लोग जीतने के लिए बहुत आश्वस्त हैं और हम एक बड़े अंतर से जीतने जा रहे हैं। यहां लोग डीएमके-कांग्रेस गठबंधन के समर्थक हैं।” आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, डीएमके समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार ईवीकेएस एलंगोवन 10,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।

चिंचवाड़ विधानसभा सीट पर भाजपा आगे

झारखंड के रामगढ़ उपचुनाव के प्रथम चरण में 5838 वोट से एनडीए प्रत्याशी सुनीता चौधरी आगे चल रही हैं। वहीं, चिंचवाड़ विधानसभा सीट पर 10 राउंड की गिनती पूरी हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के अश्विनी जगताप पहले राउंड से लगातार आगे चल रहे हैं। कसबापेठ विधानसभा सीट पर 11वें राउंड की गिनती पूरी हो गई है। कांग्रेस के रविंद्र धंगेकर आगे चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल की सागरदीघी सीट पर कांग्रेस आगे चल रही है तो वहीं झारखंड में रामगढ़ विधानसभा सीट पर आजसू आगे बनी हुई है।

Nagaland BJP नेता Temjen Imna Along ने Tweet पर क्यों कहा “बीवी को मनाने गया था…’ | VIDEO

कसबा विधानसभा क्षेत्र में हारी बीजेपी

पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के सागरदीघी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव में पार्टी की बढ़त पर जश्न मनाया। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली भाजपा-शिवसेना सरकार को एक बड़ा झटका लगा है। भाजपा अपने गढ़ कसबा विधानसभा क्षेत्र में प्रतिष्ठा की लड़ाई हार गई। कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने भाजपा उम्मीदवार हेमंत रसाने को 10,000 से अधिक मतों से हराया। धनगेकर को 72,599 वोट मिले, जबकि कस्बा निर्वाचन क्षेत्र में रासने को 20 राउंड के अंत में 61,771 वोट मिले।

अपनी जीत का श्रेय मतदाताओं को देते हुए रवींद्र धंगेकर ने कहा, “यह मतदाताओं की जीत है क्योंकि उन्होंने मुझे जिताने की जिम्मेदारी ली थी। मैं निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए कड़ी मेहनत करूंगा और मुझ पर दिखाए गए विश्वास पर खरा उतरूंगा।” वहीं, चिंचवाड़ में भाजपा के अश्विनी जगताप आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस हारने वाली नहीं हराने वाली पार्टी- अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस के उम्मीदवार बायरन बिस्वास पश्चिम बंगाल के सागरदीघी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार देबाशीष बनर्जी के खिलाफ आगे चल रहे हैं। सागरदीघी उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि तृणमूल ने मुसलमानों के साथ गद्दारी की है, पूरे बंगाल के मुसलमान जानते हैं कि तृणमूल भाजपा की दलाली करती है। मुसलमान एक बार ठगा सकते हैं लेकिन हमेशा नहीं। मुर्शिदाबाद में संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा, “तृणमूल ने पुलिस की मदद से लोगों पर अत्याचार कर, उन्हें लालच देकर कितनी बार कांग्रेस को हराया है। तब मैंने कहा था कि कांग्रेस हारने वाली नहीं है और आज ये सिद्ध हो गया कि कांग्रेस हारने वाली नहीं हराने वाली पार्टी है।”