Madhya Pradesh Congress Candidate: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची आते ही पार्टी में विरोध के सुर भी फूट पड़े हैं। टिकट नहीं मिलने से नाराज कई नेता और उनके समर्थक राजधानी भोपाल में आकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने विरोध दर्ज करा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने बुधनी विधानसभा सीट से कांग्रेस ने रामायण-दो में हनुमान की भूमिका निभाने वाले विक्रम मस्ताल को चुनाव मैदान में उतारा है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में रोष है। इस पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के घर पर प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस ने रविवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

कार्यकर्ता बोले- 18 साल हमने की मेहनत, प्रत्याशी बन गया मुंबइया कलाकार

बुधनी विधानसभा क्षेत्र से करीब दो दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोमवार को भोपाल पहुंचे। जहां कमलनाथ से मुलाकात कर विक्रम मस्ताल का विरोध किया। बुधनी से भोपाल पहुंचे कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि 18 साल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने हम संघर्ष कर रहे हैं और अब मुंबई से आए टीवी कलाकार विक्रम मस्ताल को दो महीने पहले सदस्यता दिलाई और प्रत्याशी बना दिया गया। इसीलिए हम विरोध जताने बुधनी से भोपाल पहुंचे। इतना ही नहीं बुधनी सीट के कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी कमलनाथ के बाद पूर्व मंत्री अरुण यादव के निवास पर भी पहुंचे और मस्ताल को उम्मीदवार बनाने के पीछे अपना विरोध जताया।

कमलनाथ ने कहा- अभिनेता बनाम अभिनेता का हो रहा है मुकाबला

कमलनाथ से जब सोमवार को इस फैसले के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मजाक में कहा कि वे दोनों ही अभिनेता हैं। यह अभिनेता बनाम अभिनेता का मुकाबला है और मुझे लगता है कि हमें इन दोनों की बहस आयोजित करानी चाहिए और फिर हमें पता चल जाएगा कि कौन बड़ा अभिनेता है? और इसमें शिवराज सिंह चौहान हमारे विक्रम मस्ताल को ही हरा देंगे। हालांकि, मस्ताल का कहना है कि उनके राजनीति में आने से बुधनी विधानसभा के सभी निवासियों का मंगल होगा।

उन्होंने कहा कि उनका जन्म मंगलवार को हुआ था। मस्ताल ने कहा कि वे विधानसभा में विकास कराने के लिए पूरी तरह से समर्पित रहेंगे। मुख्यमंत्री चौहान बुधनी विधानसभा सीट से लगातार चार बार (2006-उपचुनाव, 2008, 2013 और 2018) से जीत रहे हैं। उन्होंने 1990 में भी इसी सीट से चुनाव जीता था। चौहान छठी बार इस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

बुधनी के अलावा टीकमगढ़ की खरगापुर विधानसभा, ग्वालियर की ग्रामीण, सतना की नागोद के साथ ही बिजावर, दतिया, डबरा और पवई जैसी कई सीटों पर उम्मीदवारों का विरोध नजर आ रहा है।