BJP Vision Document Karnataka: कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी कर दिया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। भाजपा ने अपने इस घोषणा पत्र को ‘प्रजा ध्वनि’ नाम दिया है। बीजेपी के इस घोषणा पत्र में कई तरह के वादे किए गए हैं। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने सोमवार सुबह 11 बजे बेंगलुरु में पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पार्टी के दिग्गज नेता बीएस येदियुरप्पा की उपस्थिति में घोषणा पत्र जारी किया।

‘बीजेपी का घोषणापत्र एयर कंडीशन कमरे में बैठकर नहीं बनाया गया’

घोषणापत्र जारी करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, ‘जब बी.एस. येदियुरप्पा ने यहां की सत्ता संभाली और बाद में बोम्मई ने जारी रखा….तो मैं कह सकता हूं कि भाजपा सरकार ने आपदा को अवसर में बदल दिया। नड्डा ने कहा कि बीजेपी के घोषणापत्र को एयर कंडीशन कमरे में बैठकर नहीं बनाया गया। इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। उन्होंने राज्य के कोने-कोने का दौरा किया। नड्डा ने कहा कि हमारा घोषणापत्र कांग्रेस के घोषणापत्र से अलग है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का घोषणापत्र कर्नाटक के युवाओं, किसानों, महिलाओं, मजदूरों, मध्यम वर्ग, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और समाज के सभी वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। हमारा घोषणापत्र 6 विषयों पर केंद्रित है।

पीएम मोदी देश की ही नहीं, बल्कि दुनिया के नेता हैं: कर्नाटक बीजेपी चीफ

कर्नाटक भाजपा प्रमुख नलिन कटील ने कहा, “पीएम मोदी न केवल देश के नेता हैं, बल्कि दुनिया के नेता भी हैं। कांग्रेस का लक्ष्य उनका मजाक उड़ाना है। कांग्रेस पहले ही चुनाव हार चुकी है। इसलिए वे यह सब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब वो हमेशा मौन रहते थे।

कर्नाटक में आज तीन रैलियां करेंगे राहुल गांधी

कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी ने घोषणापत्र जारी किया है। वहीं कांग्रेस ने भी इस चुनाव में पूरे दमखम के साथ लगी है। राहुल गांधी आज कर्नाटक में तुमकुर, हासन और चामराजनगर में चुनावी रैलियां करेंगे। वहीं बीजेपी के स्टार प्रचारक और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी तुमकुर, कोरामंगला और बंगलूरू में चुनावी रैलियां करेंगे। बीजेपी के घोषणापत्र में कई तरह के वादे और दावों को जिक्र किया गया है।

कर्नाटक भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट की प्रमुख बातें-

  1. कर्नाटक में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा। मुस्लिम आरक्षण खत्म करने का भी जिक्र।
  2. घोषणा पत्र में कृषि पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है। किसान इंश्योरेंस, बीज खरीद के लिए 10 हजार की मदद।
  3. किसानों के लिए एग्रो फंड के नाम से इमरजेंसी फंड। शहर में 5 लाख गरीबों को घर, जबकि ग्रामीण इलाकों के 10 लाख गरीबों को घर देने का वादा। सभी वार्ड में अटल आहार केंद्र खुलेंगे।
  4. BPL परिवार को को रोज आधा लीटर नंदिनी दूध दिया जाएगा। 10 किलो चावल दिया जाएगा।
  5. दलित, आदिवासी महिलाओं के लिए ओनेक ओबवा सामाजिक न्याय निधि योजना का वादा किया है।