लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। किसी भी दिन चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। इससे पहले बीजेपी ने अपने 195 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। दिल्ली को छोड़ दें तो इस लिस्ट में अमूमन ऐसे सभी नाम शामिल हैं जो पहले से ही सांसद हैं। खास बात यह है कि बीजेपी ने पार्टी की सबसे बड़ी जायंट किलर यानी केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी (Smriti Irani) का टिकट अमेठी से रिपीट किया है। इसके बाद बड़ा सवाल यह है कि क्या स्मृति के सामने कांग्रेस एक बार फिर राहुल गांधी को ही अमेठी में उतारेगी या राहुल, गांधी परिवार की विरासत छोड़ देंगे।

राहुल गांधी फिलहाल भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। इसके चलते हाल ही में अमेठी भी गए थे। अमेठी में राहुल का यह दौरा काफी लंबे समय बाद था। ऐसे जब वहां कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश से राहुल गांधी के अमेठी से लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया था, तो जयराम रमेश ने कहा था कि इस पर अभी कुछ तय नहीं है। जयराम रमेश का यह बयान बताता है कि पार्टी अभी राहुल के अमेठी से लड़ने को लेकर असमंजस की स्थिति में है।

पिछले लोकसभा चुनावों की बात करें तो अमेठी से राहुल गांधी को स्मृति इरानी ने बड़े मार्जिन से हराया था। हालांकि राहुल गांधी वायनाड से भी खड़े हुए थे जहां से जीतकर वे लोकसभा पहुंच गए थे। अबकी बार अभी तक कांग्रेस पार्टी यह तय नहीं कर पाई कि राहुल लड़ें या नहीं।

राहुल की सीट को लेकर कन्फ्यूजन?

अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि राहुल अमेठी से नहीं ही लड़ेंगे क्योंकि कांग्रेस पिछली बार की तरह की राहुल गांधी को अमेठी और दूसरी किसी भी कांग्रेस की सेफ सीट से चुनाव लड़ा सकती है। इसके अलावा यह भी माना जा रहा था कि राहुल की जगह अबकी बार अमेठी की सीट पर स्मृति को टक्कर देने के लिए कांग्रेस राहुल की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधा वाड्रा को भी उतार सकती है लेकिन यहां एक पेंच यह है कि रायबरेली से पिछली बार सांसद बनीं पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब राजस्थान से राज्यसभा सांसद बन गई हैं। ऐसे में प्रियंका के रायबरेली से लड़ने की संभावनाएं भी हैं।

इन नामों पर भी हो सकता है विचार

अगर राहुल-प्रियंका इस सीट से चुनाव नहीं लड़ते हैं तो फिर यह भी संभव है कि अमेठी से कांग्रेस केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के खिलाफ किसी स्थानीय कांग्रेसी नेता को मौका दे सकती है। इसमें पहला नाम संजय सिंह का हो सकता है। संजय सिंह भले ही बीजेपी में हों लेकिन माना जा रहा है कि वे पाला बदल सकते हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद राजा संजय सिंह 2022 में अमेठी सदर से विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन असफल रहे थे। ऐसे में अगर कांग्रेस में एक बार फिर संजय सिंह की वापसी होती है तो वे अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं।

गांधी परिवार के वफादार और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह भी अमेठी से स्मृति के खिलाफ कांग्रेस द्वारा मैदान में उतारे जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस बात से इनकार किया है कि वह दौड़ में हैं।