लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है। बिहार में एनडीए गठबंधन ने सीटों का बंटवारा कर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है तो वहीं इंडिया गठबंधन में सीटों का पेंच फंसा हुआ है। बिहार की 5 लोकसभा सीटों को लेकर इंडिया गठबंधन के बीच मामला फंसा है। माना जा रहा है इसी कारण अभी तक सीट बंटवारे का ऐलान भी नहीं हुआ है।

औरंगाबाद, बेगुसराय, कटिहार, सिवान और पूर्णिया लोकसभा सीट पर कांग्रेस, लेफ्ट और आरजेडी के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। बिहार में इंडिया गठबंधन में कांग्रेस, आरजेडी, सीपीआई और सीपीआईएम शामिल है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस 10 लोकसभा सीटें चाहती है लेकिन आरजेडी इसपर राजी नहीं है।

औरंगाबाद सीट पर कांग्रेस और आरजेडी के बीच खींचतान चल रही है। इस सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है तो वहीं आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने अभय कुशवाहा को उम्मीदवार बना दिया। इससे कांग्रेस नाराज भी है। वहीं बेगुसराय सीट पर आरजेडी और लेफ्ट के बीच सब ठीक नहीं है। ये सीट आरजेडी चाहती है लेकिन यहां से बिना सीट बंटवारे के ही सीपीआई ने अवधेश राय को उम्मीदवार बना दिया।

इस बीच पूर्णिया को लेकर भी विवाद है। हाल ही में पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया और खुद भी शामिल हो गए। वह पूर्णिया से टिकट चाहते हैं। पप्पू यादव ने तो यहां तक कह दिया है कि मैं चुनाव केवल पूर्णिया से ही लडूंगा। इस बीच पूर्णिया से आरजेडी बीमा भारती को उम्मीदवार बनाना चाहती है। बीमा भारती हाल ही में विधायकी छोड़कर जेडीयू से आरजेडी में शामिल हुई हैं। सिवान सीट से भी आरजेडी टिकट चाहती है लेकिन यहां भी पेंच फंसा है। यहां पर पूर्व बाहुबली नेता शाहबुद्दीन की पत्नी हीना साहब भी चुनाव लड़ सकती हैं। वह निर्दलीय भी लड़ सकती हैं।

कटिहार से आरजेडी और कांग्रेस के बीच मामला फंसा हुआ है। कांग्रेस यहां से अपने वरिष्ठ नेता तारिक अनवर को उतारना चाहती है लेकिन आरजेडी ये सीट देने को तैयार नहीं है। हालांकि आरजेडी ने कांग्रेस को सीटें बता दी है कि कितनी देगी और अब फैसला कांग्रेस को लेना है। बिहार में आरजेडी बड़े भाई की भूमिका निभा रही है।