बिहार चुनाव एग्जिट पोल नतीजों के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर सीएम नीतीश कुमार को धोखा देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा ने रविवार को कहा, ‘बीजेपी ने नीतीश कुमार को धोखा दिया। भाजपा नेता अश्विनी चौबे अब सीएम को केंद्र का रास्ता दिखा रहे हैं। एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान के जरिए भाजपा ने जेडीयू प्रमुख को धोखा दिया है।’ बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की स्थिति पर उन्होंने दावा किया कि उन्हें 150 के करीब सीटें मिलने जा रही हैं। महागठबंधन एग्जिट पोल के नतीजों से अच्छा प्रदर्शन करेगा।
बिहार चुनाव से जुड़ी हर अपडेट की जानकारी के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
इससे पहले जोकीघाट सीट से राजद उम्मीदवार सरफराज आलम के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। राजद उम्मीदवार सरफराज आलम का मुकाबला को अपने भाई से है जो ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। डीएम प्रशांत कुमार ने बताया कि आलम को एक मतदान केंद्र पर राजद के चुनाव चिह्न लालटेन वाला बैच पहने पाये जाने के बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश जारी किया गया।
राजद के राज्यसभा सांसद सह मुख्य प्रवक्ता मनोज झा ने कहा है कि बिहार चुनाव के एग्जिट पोल के आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन प्रदेश के जनादेश ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता बदलाव चाहती है। लोगों ने बिहार को सड़ी-गली व्यवस्था से बाहर निकालने और नया बिहार गढ़ने के लिए सबसे बेहतर विकल्प तेजस्वी प्रसाद यादव को माना है।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विभिन्न सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल को भाजपा ने नकार दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि गरीब लोग राजनीति में कहीं नहीं हैं। वे एग्जिट पोल में शामिल नहीं होते हैं। मोदी सरकार की योजनाओं से गरीबों को लाभ हुआ है। एग्जिट पोल से इतर गरीब लोग ही बिहार में एनडीए की सरकार बनाएंगे।
राजद नेता और महागठबंधन से सीएम के दावेदार तेजस्वी यादव ने समर्थकों से जीत-हार पर संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम चाहे जो हो, लेकिन किसी भी स्थिति में अराजकता नहीं होनी चाहिए।
बिहार चुनाव की मतगणना की घड़ी जैसे-जैसे पास आ रही है, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। मतदान के तुरंत बाद जारी एक्जिट पोल को लेकर एनडीए और महागठबंधन में तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। एनडीए इसे गलत बता रहा है तो महागठबंधन के नेता इसे सही बता रहे हैं।
बेगूसराय में मतगणना से पहले बीजेपी ने अपने स्थानीय नेता पर कार्रवाई की है। पार्टी ने बखरी ग्रामीण के नगर मंडल अध्यक्ष को उनके पद से हटा दिया है। पार्टी की तरफ से नगर मंडल अध्यक्ष पर चुनाव में दल विरोधी कार्य करने का आरोप है।
एक्जिट पोल में राजद नीत महागठबंधन की जीत का अनुमान व्यक्त किये जाने के बीच राष्ट्रीय जनता दल ने रविवार को अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को चेताया कि वे चुनाव परिणाम को संयम और शिष्टाचार से स्वीकार करेंगे और प्रतिद्वन्द्वियों के साथ किसी तरह के अशिष्ट व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित ट्वीट में राजद ने कहा, ‘‘सभी शुभचिंतकों व समर्थकों से विनम्र अनुरोध है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी के अपने जन्मदिन को सादगी से मनाने के निजी निर्णय का सम्मान करते हुए आप घर पर ही रहें और आवास आकर व्यक्तिगत रूप से बधाई देने से बचें।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने रविवार को पुनः दावा किया कि 10 नवंबर को बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदल देगी। इससे कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने सिद्धरमैया के ऐसे ही दावों का खंडन किया था और “गैर जिम्मेदाराना बयान” करार दिया था। येदियुरप्पा ने यह भी कहा था कि कर्नाटक विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस की हार होने के बाद पार्टी सिद्धरमैया को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटा देगी।
मुंगेर के पूर्व विधायक विश्वनाथ गुप्ता का रविवार को निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने गुप्ता के निधन पर शोक जताया। चौबे ने कहा कि 'वो हमेशा मुंगेर के विकास के लिए काम करते रहें'।'ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के लिए लगभग 58 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी के साथ अब तीनों चरणों के लिए मतदान संपन्न हो गया है और मतगणना 10 नवम्बर को होगी। वर्ष 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में 60.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। कोविड-19 महामारी के बाद देश में बिहार में सबसे बड़ा चुनाव संपन्न हुआ है। मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 10 नवंबर को आने वाले नतीजों पर रहेंगी।
घरेलू शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह मोटेतौर पर बिहार चुनाव परिणामों, व्यापक आर्थिक आंकड़ों और वैश्विक राजनीतिक गतिविधियों को लेकर प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया से तय होंगे। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के प्रमुख इक्विटी रणनीतिकार हेमांग जानी ने कहा, ‘‘एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार में त्रिशंकु विधानसभा के संकेत हैं, जो बाजार की धारणा के लिए थोड़ा नकारात्मक है।’’
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर रविवार को उन्हें बधाई दी। आडवाणी रविवार को 93 वर्ष के हो गए। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’’
विधानसभा चुनावों में आपराधिक पृष्ठभूमि 1100 से अधिक उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। यह जानकारी चुनाव आयोग ने दी है। आयोग की तरफ से शनिवार को उपलब्ध कराए गए आंकड़े के मुताबिक तीन चरणों वाले चुनाव में कुल 3733 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 371 महिलाएं थीं। आयोग के मुताबिक कुल 1157 उम्मीदवार आपराधिक पृष्ठभूमि वाले थे।
कोविड-19 महामारी के दौरान सुरक्षित चुनाव कराने को लेकर निर्वाचन आयोग के समक्ष विशिष्ट चुनौती खड़ी होने का उल्लेख करते हुए चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों के मतदान के लिये विभिन्न प्रबंध किये गए थे। इनमे डाक मत और मतदान का समय बढ़ाने जैसे उपाय भी शामिल थे।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद अब चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्र की तैयारी पूरी कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य में 55 स्थानों पर मतगणना सेंटर बनाए गए हैं। इन 55 केंद्रों के 414 हॉल में दस नवंबर को वोटों की गिनती होगी। सिवान, बेगूसराय, गया, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सहरसा, दरभंगा, गोपालगंज, भागलपुर, बांका और नालंदा आदि जिलों में काउटिंग सेंटर बनाए गए हैं।
बिहार चुनाव में एग्जिट पोल के नतीजों के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बहन ने ट्वीट किया है। तेजस्वी की बहन राजलक्ष्मी ने ट्वीट कर कहा कि 'राजतिलक की आई बारी, भाई तेजस्वी सब पर भारी, युवा बिहार, तेजस्वी सरकार।'
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान 'इमोशनल' कार्ड खेलते हुए कहा था कि ये उनका आखिरी चुनाव है। उन्होंने पूर्णिया के धमदाहा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। परसों मतदान है और यह मेरा अंतिम चुनाव है। अंत भला तो सब भला।' राज्य में शनिवार को अंतिम चरण के मतदान के बाद चुनाव आयोग के आंकड़े और एग्जिट पोल से नहीं लगता कि सीएम नीतीश के इमोशनल कार्ड का जनता पर अधिक प्रभाव पड़ा। नीतीश कुमार ने जिस विधानसभा क्षेत्र में ये बात कही वहां मतदान पिछले चुनाव की तुलना में आठ फीसदी से ज्यादा कम रहा। हालांकि कोरोना वायरस महामारी इसकी एक वजह मानी जा सकती है। चुनाव आयोग के अनुसार धमदाहा में साल 2015 में 65.28 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शनिवार को मतदान में सिर्फ 56.80 फीसदी लोगों मतदान किया। पिछले चुनाव के हिसाब से ये संख्या 8.48 फीसदी कम है।
बिहार चुनाव में मतदान के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजों पर एलजेपी का मानना है कि उन्होंने जो प्रण लिया था उसमें पार्टी कामयाबी होती दिख रही है। मतदान पूर्व एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा था कि वो नीतीश कुमार को एक बार फिर बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे। टीवी चैनल न्यूज19 इंडिया के डिबेट शो में एलजेपी प्रवक्ता ने भी चिराग के इन्हीं वाक्यों को दोहराया। क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर
कोरोना काल के चलते अस्थाई रूप स्थित दरभंगा एयरपोर्ट पर आज से हवाई सेवा शुरू कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज यानी रविवार को बेंगलुरु से दरभंगा पहली फ्लाइट पहुंची। अब यहां से 11.45 बजे दिल्ली के लिए होगा पहला टेकऑफ।
बिहार चुनाव एग्जिट पोल में एनडीए को हार मिलती नजर आती है। राज्य के लिए इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में एनडीए को 69-91, महागठबंधन को 139-161 सीटें, एबीपी के एग्जिट पोल में एनडीए को 104-128, महागठबंधन को 108-131 सीटें, टाइम्स नाउ-सी वोटर के पोल में एनडीए को 116, महागठबंधन को 120, रिपब्लिक टीवी-जन की बात एग्जिट पोल में एनडीए को 91-117 और महागठबंधन को 118-138 सीटें, टीवी9 भारतवर्ष के एग्जिट पोल में एनडीए को 110-120 सीटें और महागठबंधन को 115-125 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं।
बिहार: पटना के पालीगंज में आज सुबह पूर्व मुखिया संजय वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। आगे की जांच जारी है।
बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने धमदाहा में सभा को संबोधित करते हुए कहा था के ये उनका आखिरी चुनाव है। इस दौरान उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील की। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सामने आए एग्जिट पोल के करीब सभी नतीजों में सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन की हार होती नजर आती है। बिहार चुनाव में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन सरकार बनाता हुआ नजर आता है। बता दें कि राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव ने पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने एक दिन में दर्जनभर से ज्यादा चुनावी रैलियां-सभाएं कीं। इस दौरान तेजस्वी ने सुनिश्चित किया कि प्रचार से उनकी बड़ी बहन मीसा भारती और 'घुमक्कड़' भाई तेज प्रताप यादव बाहर रहें। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
भाजपा के लिए बिहार में एग्जिट पोल के नतीजे खासे निराशाजनक साबित हुए। हालांकि पार्टी को कई राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में खासी बढ़त मिलती हुई नजर आती है। शनिवार शाम को आए एग्जिट पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार सुरक्षित रहेगी। इसके अलावा भाजपा गुजरात और उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
चुनावी सर्वे और एग्जिट पोलों के नतीजों पर लोगों की राय अलग-अलग है, लेकिन इस बात पर सभी एकमत हैं कि मतगणना शुरू होने के बाद असली नतीजों से एग्जिट पोलों के नतीजे पूरी तरह मेल नहीं खाते हैं। बिहार में अगली सरकार कौन बनाएगा, यह 10 नवंबर के बाद ही पता चलेगा।
समाचार चैनलों, पत्रों और एजेंसियों के सर्वे में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार में अगली सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली यूनिवर्सिटी के के विकासशील राज्य शोध केंद्र और राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से संयुक्त रूप से कराए गए सर्वेक्षण में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलता बताया गया है। सर्वेक्षण में एनडीए को 129 सीट और महागठबंधन को 106 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
एग्जिट पोल्स और सर्वे एजेंसियों के नतीजों पर आरजेडी समेत महागठबंधन के दलों और नेताओं में उत्साह छा गया है। नेताओं ने उम्मीद जताई है कि यह नतीजे सच साबित होंगे। हालांकि एनडीए ने नतीजों को गलत बताते हुए कहा कि परिणाम कुछ और ही होगा।
शनिवार को मतदान के साथ ही बिहार में 243 सीटों पर तीन चरणों में विधानसभा चुनाव पूरा हो गया है। विभिन्न सर्वे एजेंसियां और न्यूज चैनल ने भाजपा, राजद, जदयू, लोजपा, हम आदि पार्टियों के अनुमानित आंकड़े जारी कर दिए हैं। इसके जरिये कुछ हद तक बिहार में नई सरकार की तस्वीर साफ हो गई है।
दैनिक भास्कर ने एनडीए को आरजेडी-महागठबंधन से ज्यादा सीटें दी है। दैनिक भास्कर के सर्वे में एनडीए को 120-127 सीटें मिल रही हैं, जबकि महागठबंधन को 71-81 सीटें मिल रही हैं।
चिराग पासवान की अगुवाई वाली एलजेपी, जो सीएम नीतीश कुमार को निशाना बनाने के बाद एनडीए से बाहर हो गया है, के लिए अधिकतर एक्जिट पोल एकल अंकों के आंकड़ों की भविष्यवाणी के साथ खराब प्रदर्शन की आशंका जताई है।
कई तरह के अधिकृत और निजी सर्वे में भी तेजस्वी यादव को सीएम नीतीश कुमार से आगे निकलते बताया जा रहा है। नीतीश कुमार पर एंटी इंकंबेंसी का असर तो है ही, कोरोना काल में उनके कई निर्णय पर जनता की असहमति का भी असर पड़ता दिख रहा है।
वोट प्रतिशत की बात करें तो एनडीए को 37.7 प्रतिशत, महागठबंधन को 36.3 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। लोजपा को 8 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। एनडीए को करीब 2 फीसदी ज्यादा वोट प्रतिशत मिला है।
एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक उत्तर बिहार के इलाके में एनडीए- 37-41, महागठबंधन- 29-33 और लोजपा को शून्य सीटें मिलने का अनुमान है।
न्यूज एक्स-डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल के मुताबिक एनडीए को 110-117 और महागठबंधन को 108-123, लोजपा को 4-10 और अन्य को 8-23 सीटें मिलने की बात कही गई है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के मिथिलांचल इलाके में एनडीए को 23, महागठबंधन को 36, लोजपा को एक और अन्य को शून्य सीटें मिलने की बात कही गई है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक पाटलिपुत्र-मगध इलाके में महागठबंधन को 46 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। एनडीए को यहां 38 फीसदी मिलने का अनुमान है। लोजपा को यहां 5 प्रतिशत वोट मिलने की बात सामने आयी है। अन्य को यहां एक फीसदी वोट मिल सकता है।
एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार के मगध-भोजपुर इलाके में एनडीए को 28-36, महागठबंधन को 31-38, लोजपा को 0 और अन्य को 0-3 सीटें मिलने की बात कही गई है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक 10वीं पास 42 फीसदी ने, स्नातक में 38 फीसदी लोगों ने नीतीश कुमार को समर्थन की बात कही है। वहीं तेजस्वी यादव को 10वीं के 42 फीसदी और स्नातक 43 फीसदी लोग समर्थन करने की बात कर रहे हैं।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक 47 फीसदी युवाओं ने राजद को समर्थन दिया। माना जा रहा है कि 10 लाख नौकरियों के वादे ने इसमें बड़ी भूमिका निभायी है।
वरिष्ठ पत्रकार शशि शेखर का कहना है कि एग्जिट पोल के नतीजे देखकर लग रहा है कि लोजपा के एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ने का एनडीए को ही नुकसान हुआ है। लोजपा ने भाजपा और जदयू के ही वोटों को नुकसान पहुंचाया है।
एबीपी-सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक बिहार के मिथिलांचल इलाके की 50 सीटों में से एनडीए को 21-25, महागठबंधन को 25-28, लोजपा को 0-2 और अन्य को शून्य सीटें मिलने की बात कही गई है।