बिहार की जमुई सीट पर इस बार मुकाबला काफी रोचक हो गया है। दरअसल इस सीट से कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व विधायक अजय प्रताप रालोसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा ने दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन से राजद प्रत्याशी विजय प्रकाश ताल ठोक रहे हैं। वहीं जन अधिकार पार्टी की तरफ से शमशाद आलम चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर कई नेताओं की साख दांव पर लगी है। ऐसे में यहां मुकाबला काफी कांटे का होने की उम्मीद है।

बिहार में जदयू और लोजपा की तनातनी से भाजपा की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। दरअसल चिराग पासवान लगातार नीतीश के खिलाफ हमलावर हैं। अब नीतीश ने भी भाजपा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है कि वह केन्द्रीय मंत्रीमंडल में रामविलास पासवान के निधन से खाली हुई सीट को लोजपा को ना दे। जदयू ने चिराग पासवान को भी केन्द्रीय मंत्रीमंडल में शामिल नहीं करने को कहा है। यही वजह है कि आजकल भाजपा का रुख लोजपा के खिलाफ सख्त हुआ है।

हालांकि भाजपा की कोशिश है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद वह लोजपा को मंत्रीमंडल में जगह नहीं देने संबंधी फैसला करेगी। भाजपा दलित मतदाताओं में गलत संदेश नहीं देना चाहती। वैसे भी रामविलास पासवान के निधन के बाद दलित मतदाताओं की सहानुभूति लोजपा के साथ है। यही वजह है कि भाजपा फिलहाल बिहार चुनाव पर फोकस किए हुए है।

 

Live Blog

09:39 (IST)20 Oct 2020
बांकीपुर सीट पर रोचक होगा मुकाबला, युवाओं पर रहेगा दारोमदार

वहीं अभिनय से राजनीति में आए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह उत्साहजनक है कि काफी युवा राजनीति के क्षेत्र में आ रहे हैं लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राजनीति को अलविदा नहीं कह रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा पटना के बांकीपुर सीट से कांग्रेस के टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बांकीपुर सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है, जहां से भाजपा ने तीन बार के विधायक नितिन नवीन को फिर से टिकट दिया है। पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बांकीपुर विधानसभा सीट आती है। पटना साहिब संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सांसद हैं। प्रसाद ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से शत्रुघ्न सिन्हा को पराजित किया था।

08:40 (IST)20 Oct 2020
चिराग पासवान बोले- 10 नवंबर के नतीजे चौंकाने वाले होंगे

लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि आगामी 10 नवंबर को जो रिजल्ट आएगा, वह काफी चौंकाने वाला होगा। उन्होंने कहा कि पिता के सपनों को पूरा करने के लिए उनके बेटे ने बिगुल फूंक दिया है।

07:37 (IST)20 Oct 2020
राजनाथ सिंह 21 अक्टूबर से करेंगे बिहार में चुनाव प्रचार

भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने बिहार चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 अक्टूबर से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू कर देंगे। राजनाथ सिंह अगले 6 दिनों में बिहार में 18-20 जनसभाएं करेंगे। 

07:35 (IST)20 Oct 2020
शत्रुघ्न सिन्हा बोले- ना तो थका हूं और ना ही रिटायर हो रहा हूं

‘बिहारी बाबू’ के नाम से मशहूर सिन्हा ने कहा कि उनके पुत्र कांग्रेस की पसंद और युवाओं की मांग पर चुनाव में उतरे हैं क्योंकि क्षेत्र के लोग नया चेहरा चाहते हैं जो इलाके में गंभीरता से विकास कार्य करे। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि वह राजनीति को अलविदा कह रहे हैं। सिन्हा ने कहा, ‘न तो मैं थका हूं, और न ही रिटायर हूं। मैं सक्रिय राजनीति में बना रहूंगा।’ सिन्हा बिहार चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं और इस सप्ताह अपने पुत्र के लिये प्रचार अभियान में शामिल होंगे। लव सिन्हा ने इस सीट के लिये नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है, जहां दूसरे चरण में 3 नवंबर को चुनाव होंगे। सिन्हा ने कहा, ‘लव ‘बिहारी पुत्र’ के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।।’

06:18 (IST)20 Oct 2020
बाहर के नेताओं को उतारने में कांग्रेस भी पीछे नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भी किसी पार्टी से पीछे नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव प्रचार को परवान चढ़ाने के लिए शीघ्र ही राहुल की रैलियां भी करने जा रही है। बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल चुनाव प्रबंधन समिति के अध्‍यक्ष रणदीप सिंह सुरजेवाला, छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता मोहन प्रसाद, झारखंड कांग्रेस के पूर्व अघ्‍यक्ष अजय कुमार समेत कई अन्‍य नेता चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं।

05:54 (IST)20 Oct 2020
जेडीयू के बागी प्रत्‍याशी चुनाव में बिगाड़ सकते हैं खेल

जेडीयू ने अपने कार्यकर्ताओं को किसी भी पार्टी से अधिक प्रशिक्षण देने के साथ ही संवाद भी कायम किया है। जदयू ने अपने कार्यकर्ताओं को बूथ स्‍तर तक के कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया। कई सामाजिक कार्यक्रमों में ये देखने को भी मिला। पर चुनाव में जब इन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिला तो ये पार्टी के खिलाफ मैदान में उतर गये। इसका खामियाजा चुनाव में निश्चित रूप से पार्टी को भुगतना पड़ेगा।

03:57 (IST)20 Oct 2020
चुनाव : बिहार में राजनीति के अपराधीकरण का सच


बिहार की राजनीति में बाहुबलियों का हमेशा से बहार रहा है। सरकार किसी का भी हो बाहुबलियों एवं अपराधियों के गठबंधन का बोलबाला हमेशा से रहा है। इस बार के चुनाव में भी बिहार की राजनीति का अपराधीकरण हमारे राजनेताओं का पोल खोल कर रख दिया है।

03:41 (IST)20 Oct 2020
जेल में बैठकर लालू बना रहे हैं चुनावी रणनीति

बिहार की राजन‍ीति को एक अलग रंग देने वाले लालू यादव अपनी ही पार्टी राजद के पोस्‍टर बैनर से गायब हैं। लालू का नाम कोई भी कार्यकर्ता नहीं ले रहा है। स्‍वयं लालू के बेटे तेजस्‍वी लालू के नाम लेने से जनसभा में कतराते हैं। पर कहा जा रहा है कि ये सब लालू के इशारे पर ही हो रहा है।

21:54 (IST)19 Oct 2020
बिहार चुनाव के लिए हमारे आईटी सेल ने बहुत मेहनत की, बोले अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने एक चैनल से कहा कि बिहार चुनाव के लिए उनके आईटी सेल (BJP IT cell) ने बहुत मेहनत की है। लगभग 3 महीने पहले से उन्होंने ना सिर्फ बिहार बल्कि देशभर में वर्चुअल रैली का एक प्रयोग किया था। भारतीय जनता पार्टी का वर्चुअल प्रचार का एक पूरा तंत्र पिछले 3 महीने से बना हुआ है।

20:53 (IST)19 Oct 2020
बिहार में 18 रैलियों को संबोधित करेंगे राजनाथ

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बिहार में आगामी छह दिन में 18 से अधिक रैलियों को संबोधित करें। राजनाथ के कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सिंह 21 अक्टूबर को बाढ़, नोखा और औरंगाबाद और 22 अक्टूबर को बांका, बड़हरा एवं रामगढ़ में एक-एक रैली को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री चुनाव प्रचार के तहत छह दिन में 18 से 20 रैलियों को संबोधित करेंगे। बिहार में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को तीन चरणों में चुनाव होंगे। भाजपा जद(यू) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। राजग में सीटों के बंटवारे के तहत 243 सदस्यीय विधानसभा के लिये होने वाले चुनाव में भाजपा को 121 सीटें मिली थी जिसमें से वह 110 सीटों पर स्वयं चुनाव लड़ रही है और अपने कोटे की 11 सीटें विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को दी हैं। इसी प्रकार से जद (यू) को 122 सीटें मिली थी जिसमें से वह 115 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उसने अपने कोटे की सात सीटें ‘हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा’ के लिए छोड़ी हैं। बिहार में तीन चरणों में मतदान के बाद मतगणना 10 नवंबर को होगी।

20:25 (IST)19 Oct 2020
बिहार सीएम पर बरसे तेजस्वी यादव, कहा- नीतीश कुमार ने रोजगार नहीं दिया, हम दस लाख नौकरी देंगे

राजद नेता तेजस्वी यादव ने धर्म एवं जात-पात की राजनीति की जगह तरक्की एवं विकास की राजनीति पर जोर देते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 वर्ष के शासनकाल में लोगों को रोजगार नहीं दिया और प्रदेश के लोग शिक्षा, चिकित्सा, आजीविका के लिये राज्य से बाहर जाने को मजबूर है। बोधगया और गया के बाराचट्टी में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, ‘धर्म और जाति की राजनीति नहीं होनी चाहिए। केवल तरक्की की बात हो और विकास की बात हो।’ रोजगार के मुद्दे पर नीतीश कुमार को कटघरे में खड़ा करते हुए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा, ‘लोग कहते हैं कि कहां से नौकरी देंगे, मैं फिर कहता हूं कि मेरी सरकार अगर बनी तो पहली कैबिनेट में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने पर मुहर लगाएंगे।’ 

19:28 (IST)19 Oct 2020
Bihar Election: चिराग के समर्थन में उतरे तेजस्वी, कहा- नीतीश जी ने उनके साथ ठीक नहीं किया

बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के एक चुनावी 'स्टंट' से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परेशानी बढ़ सकती है। तेजस्वी ने नीतीश से नाराजगी के चलते एनडीए गठबंधन से अलग चुनाव लड़ रहे एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने सोमवार (19 अक्टूबर, 2020) को कहा कि नीतीश कुमार ने चिराग पासवान के साथ जो किया वो अच्छा नहीं था। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

18:29 (IST)19 Oct 2020
विपक्ष पर हमलावर हो बोले नीतीश कुमार- दलितों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाते थे पहले लोग

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार (19 अक्टूबर, 2020) को गया जिले की अतरी विधानसभा में जनता को संबोधित किया। यहां उन्होंने विपक्षी दल आरजेडी पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि लोग दलितों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाते थे, आपराधिक घटनाएं होती थीं, हमने सभी को सम्मान दिया, आगे आने का मौका दिया, अब कोई भी अपना कंधा बंदूक चलाने के लिए नहीं देता है। हमने तय किया क्राइम, करप्शन, कम्युनलिज्म को किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपराध पर नियंत्रण किया, आंकड़े आए और बिहार इतनी बड़ी आबादी का राज्य होने के बाद भी 23वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने 2005 के नवंबर से काम करने का मौका दिया है। हमारा एक ही लक्ष्य है न्याय के साथ विकास, हर तबके का विकास, हर क्षेत्र का विकास, हमने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया।

17:02 (IST)19 Oct 2020
सरकार में आए तो मुखिया और सरपंच का मानदेय बढ़ेगा: RJD

राज्यसभा सांसद और आरजेडी प्रवक्ता मनोझ झा ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो राज्य में मुखिया और सरपंच का मानदेय बढ़ा दिया जाएगा। उन्होंने सीएम नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि वो जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं वो बिहार का संस्कार नहीं है। मनोज झा ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बातें कहीं।

16:11 (IST)19 Oct 2020
Bihar Elections 2020: चिराग ने बिहारियों के लिए क्या किया? HAM चीफ का हमला; RLSP प्रमुख बोले- प्यार दिखाते रहें, पर...

बिहार के पूर्व सीएम और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) प्रमुख जीतन राम मांझी भी एनडीए के पक्ष में चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं। उन्होंने सोमवार (19 अक्टूबर, 2020) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में गया जिले की टेकारी विधानसभा में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए गठबंधन से अलग चुनाव लड़ रहे एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान पर खूब निशाना साधा। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

15:53 (IST)19 Oct 2020
बिहार चुनाव में 6 नेता हैं सीएम पद के दावेदार

बिहार चुनाव में 6 नेता ऐसे हैं, जो सीएम पद के दावेदार हैं या फिर खुद को दावेदार बता रहे हैं। इन नेताओं में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव तो है हीं, इनके अलावा उपेन्द्र कुशवाहा, पप्पू यादव, पुष्पम प्रिया चौधरी का नाम शामिल है। चिराग पासवान भी इस फेहरिस्त में शामिल हैं। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह बात नहीं कही है।

14:51 (IST)19 Oct 2020
गिरिराज सिंह बोले- चिराग के मुंह में राम पर करते हैं रावण का जाप

केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने चिराग पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह मुंह में राम रखते हैं लेकिन रावण का जाप करते हैं। दरअसल चिराग ने हाल ही में कहा था कि वह पीएम मोदी के हनुमान हैं। चिराग के इसी बयान पर गिरिराज सिंह ने उन पर निशाना साधा। 

14:50 (IST)19 Oct 2020
चिराग पर हमलावर हुए जीतनराम मांझी

हम पार्टी के नेता जीतनराम मांझी ने लोजपा प्रमुख चिराग पासवान पर हमला बोला है। मांझी ने कहा कि पिछले कई सालों में चिराग ने बिहारियों के लिए क्या किया? लोजपा के पुराने घोषणा पत्रों में कौन-कौन से वादे पूरे हुए। मांझी ने कहा कि लोजपा प्रत्याशी वोट मांगने आए तो उनसे हिसाब मांगे।

13:58 (IST)19 Oct 2020
उपेन्द्र कुशवाहा बोले- बीजेपी से एकतरफा प्यार दिखा रहे चिराग

रालोसपा चीफ उपेन्द्र कुशवाहा ने अपने एक बयान में कहा है कि चिराग पासवान भाजपा से एकतरफा प्यार दिखा रहे हैं। वहीं नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा के सामने नतमस्तक हैं।

13:54 (IST)19 Oct 2020
बिहार चुनाव में इस बार दूसरी पीढ़ी के नेताओं का रहेगा जोर

इस बार बिहार चुनाव इस मायने में भी खास है क्योंकि इस बार कई नेताओं की दूसरी पीढ़ी चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रही है। इनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश कहलगांव सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हैं। इनके अलावा दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह, शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा बांकीपुर सीट से, पूर्व केन्द्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी के बेटे फराज फातमी दरभंगा ग्रामीण सीट से, जीतनराम मांझी के दामाद देवेंद्र मांझी मखदूमपुर सीट से, शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव बिहारीगंज सीट से चुनाव मैदान में हैं।

13:00 (IST)19 Oct 2020
संतोष कुशवाहा ने थामा रालोसपा का दामन

वीआईपी पार्टी के नेता संतोष कुशवाहा ने रालोसपा का दामन थाम लिया है। रालोसपा मुखिया उपेन्द्र कुशवाहा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी।

12:55 (IST)19 Oct 2020
परिहार सीट से राजद उम्मीदवार ऋतु जायसवाल ने पर्चा भरा

सीतामढ़ी की परिहार विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार ऋतु जायसवाल ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। ऋतु जायसवाल सिंहवाहनी पंचायत की मुखिया भी हैं। वहीं मधुबनी की बेनीपट्टी सीट से रालोसपा के डॉ. संतोष कुमार ने भी आज नामांकन किया है।

11:56 (IST)19 Oct 2020
लोजपा का होगा सूपड़ा साफ- बोले भाजपा के बिहार प्रभारी

भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने लोजपा के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा है कि चिराग पासवान ने इस चुनाव में अपने लिए अलग रास्ता चुन लिया है और अब उनका एनडीए से कोई लेना-देना नहीं है। इस चुनाव में लोजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। यादव ने कहा कि एनडीए बिहार में पूरी मजबूती से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।

11:55 (IST)19 Oct 2020
आज ताबड़तोड़ जनसभाएं करेंगे तेजस्वी, जानिए क्या है प्रोग्राम

राजद नेता तेजस्वी यादव मतदाताओं को अपने पाले में खींचने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह आज ही सात जनसभाएं कर रहे हैं। जिनमें वह वजीरगंज, बाराचट्टी, बोधगया, रजौली, अतरी, बेलागंज और गुरुआ सीट पर चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं लोजपा नेता चिराग पासवान भी 21 अक्टूबर से चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे। लोजपा संस्थापक रामविलास पासवान का श्राद्धकर्म 20 अक्टूबर को पटना में होगा, जिसके बाद चिराग अगले दिन से चुनाव प्रचार में लग जाएंगे।

11:24 (IST)19 Oct 2020
अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी राजद

बिहार चुनाव के मद्देनजर राजद अपना अलग घोषणा पत्र भी जारी करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने यह जानकारी दी है। बता दें कि राजद के नेतृत्व वाला महागठबंधन पहले ही अपना घोषणा पत्र जारी कर चुका है।

11:03 (IST)19 Oct 2020
'नीतीश कुमार काम की बदौलत टिके हैं'

जदयू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी का कहना है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अपने काम की बदौलत टिके हैं। उन्होंने राज्य में जो विकास किया है, उसे जनता देख रही है। उन्होंने सभी जाति-धर्म के लोगों के लिए काम किया है।

10:07 (IST)19 Oct 2020
भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव ने किया साफ- बिहार में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार

बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने ये भी साफ किया बिहार में एनडीए का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं। इससे पहले अमित शाह भी यह बात कह चुके हैं। यादव ने कहा कि दो तिहाई बहुमत से बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। चुनाव बाद लोजपा से समर्थन के सवाल पर यादव ने कहा कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी।

09:14 (IST)19 Oct 2020
चिराग बोले- पीएम मोदी धर्मसंकट में ना पड़ें

लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने भी कहा था कि पीएम मोदी धर्मसंकट में ना पड़ें और मेरे खिलाफ बयानबाजी करने में संकोच ना करें। चिराग पासवान ने ये भी कहा कि भाजपा नेता मेरे खिलाफ बयानबाजी करते समय मर्यादा का पालन करें।

09:01 (IST)19 Oct 2020
चिराग पासवान ने साधा निशाना, बोले- नीतीश कुमार को बीजेपी के सर्टिफिकेट की जरूरत

चिराग पासवान ने एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को बीजेपी के सर्टिफिकेट की जरूरत है। चिराग पासवान नीतीश के साथ नहीं जा सकता।

08:29 (IST)19 Oct 2020
मोदी फैक्टर पर टिकी निगाहें, नीतीश को मिलेगा फायदा!

बिहार चुनाव में मोदी फैक्टर क्या असर डालता है ये देखने वाली बात होगी। लेकिन एनडीए के साथ आने से नीतीश के खिलाफ चल रही सत्ता विरोधी लहर कुछ कमजोर पड़ी है। हालांकि पिछले बिहार चुनाव में मोदी फैक्टर का असर उतना ज्यादा नहीं रहा था लेकिन नीतीश के साथ आने से इसके असरदार होने के आसार हैं।

08:22 (IST)19 Oct 2020
सपा की गैरमौजूदगी का महागठबंधन को मिलेगा फायदा

समाजवादी पार्टी ने इस बार बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। सपा की गैरमौजूदगी का फायदा महागठबंधन को मिल सकता है क्योंकि सपा और राजद का वोटबैंक एक ही है।