लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा ने जीतने का लक्ष्य रखा है। पिछले लोकसभा चुनाव बीजेपी ने मध्य प्रदेश की 29 में 28 सीटों पर जीत हासिल की थी। भोपाल लोकसभा सीट पर पिछले 35 सालों से बीजेपी का कब्जा है।
प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कटा है टिकट
बीजेपी से इस बार भोपाल से वर्तमान सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का टिकट काट दिया है। उनकी जगह पर भाजपा ने आलोक शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। आलोक शर्मा भाजपा के काफी वरिष्ठ नेता है और 1994 में भोपाल नगर निगम के पार्षद चुने गए थे।
भोपाल नगर निगम के महापौर रहे हैं आलोक शर्मा
इसके बाद 2015 में आलोक शर्मा भोपाल नगर निगम के महापौर रहे। 2020 तक वह पद पर बने रहे थे। 2023 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान भोपाल उत्तर से आलोक शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। पार्टी ने एक बार फिर से उन पर भरोसा जताया है और उन्हें भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
आलोक शर्मा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं और अभी प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष और उज्जैन संभाग के प्रभारी है। आलोक शर्मा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी हैं और अक्सर उनके साथ देखे जाते हैं।
विवादित बयानों के जरिए सुर्खियों में रह चुके हैं आलोक शर्मा
इससे पहले विवादित बयानों के जरिए आलोक शर्मा सुर्खियों में भी रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान आलोक शर्मा ने एक ऐसा बयान दे दिया था, जिस पर काफी विवाद हुआ था। रतलाम में आलोक शर्मा ने कहा था कि मुस्लिम भाइयों मैं कहना चाहता हूं कि तुम वोट तो नहीं दोगे पर दिल से स्वीकार करना कि जिस मकान में तुम रह रहे हो वह मकान प्रधानमंत्री योजना में मिला है। उन्होंने कहा था कि मियां भाई बीजेपी को वोट मत देना लेकिन वोट डालने भी मत जाना।
1989 से लेकर अब तक भोपाल लोकसभा सीट पर 9 बार चुनाव हो चुका है। सभी 9 चुनाव में बीजेपी की जीत हुई है। यानी पिछले 35 साल से भाजपा का भोपाल लोकसभा सीट पर कब्जा है।