आम आदमी पार्टी ने पंजाब में पार्टी का चेहरा तय करने का फैसला जनता पर छोड़ दिया है। गुरुवार को पंजाब के मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने इसके लिए नंबर जारी किया है। हालांकि इस दौरान उन्होंने भगवंत मान को खुद की पसंद बताया और यह भी कहा कि वे खुद पंजाब के मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल नहीं है।

गुरुवार को मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान और राघव चड्ढा की मौजूदगी में 7074870748 मोबाइल नंबर जारी किया। इसपर लोग 17 जनवरी तक अपनी आवाज में संदेश रिकॉर्ड करके, एसएमएस भेजकर या वॉट्सऐप से अपनी राय बता सकते हैं कि पार्टी नेताओं में से किसे वह मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में देखना चाहते हैं। नंबर जारी करते हुए केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्र भारत में पहली बार ऐसा हो रहा होगा कि कोई पार्टी जनता से पूछ रही है कि मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा किसे बनाया जाना चाहिए। 

हालांकि उन्होंने सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहे भगवंत मान को अपनी पसंद बताया और साथ ही यह भी कहा कि भगवंत मान ने ही उन्हें लोगों से पूछने का विचार दिया है। केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान मेरे छोटे भाई हैं। वह आप पार्टी के बड़े नेता हैं। मैंने कहा कि भगवंत मान को बनाया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि पहले लोगों से पूछना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के नाम पर फैसला करने का चलन बंद होना चाहिए।

बता दें कि भगवंत मान आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के मुखिया होने के साथ ही पंजाब में आप के सबसे लोकप्रिय चेहरे हैं। वे पंजाब के संगरूर लोक सभा सीट से दूसरी बार सांसद हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ भगवंत मान ही आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीत पाए। पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के काफी समय पहले से ही वे राज्य के अलग अलग हिस्सों में रैली कर रहे हैं। इन्हीं वजहों से भगवंत मान को सीएम पद के उम्मीदवार का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में 20 सीट जीतने वाली आम आदमी पार्टी के हौंसले इस बार काफी बुलंद हैं। कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और पिछले विधानसभा में तीसरे नंबर की पार्टी बन चुकी अकाली दल के लगातार पिछड़ने की वजह से आम आदमी पार्टी इस बार सत्ता पाने का सपना देख रही है।