पंजाब में जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी अब हिमाचल में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। शनिवार को आप नेता सतेंद्र जैन ने वहां एक रोड शो निकाला और आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।

आप ने कहा है कि वह जनता के लिए एक विकल्प बनेगी जो भाजपा और कांग्रेस दोनों से तंग आ चुके हैं। हिमाचल में हमेशा से भाजपा और कांग्रेस के बीच लड़ाई रही है, लेकिन इस बार आप के आने से कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विधानसभा चुनाव से पहले आप अगले महीने होने वाले शिमला नगर निगम चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है।

रोड शो के दौरान आप नेता सतेंद्र जैन ने मीडिया से बात करते हुए कहा- “पंजाब के बाद अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। हम आगामी विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।”

जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ और सिर्फ काम के मुद्दे पर बात करेगी। हिमाचल की जनता बीजेपी और कांग्रेस की राजनीति से दुखी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जैसा हमने काम किया है, वैसा ही काम हिमाचल में भी करेंगे। जनता के सामने आप एक विकल्प बनेगी। जैन ने कहा- दिल्ली में हमने बीजेपी को हराया, पंजाब में हमने कांग्रेस को हराया, अबकी बार दोनों को हरा देंगे हम। हिमाचल में हम सभी सीटों पर लड़ेंगे, एक भी सीट नहीं छोड़ेंगे”।

आगे आप नेता ने कहा कि जैसे आम आदमी पार्टी ने पंजाब जीता, उसी तरह से हिमाचल भी जीतेगी। पंजाब की तरह ही आप का फोकस हिमाचल पर होगा। उन्होंने कहा कि एक साल पहले हमने यहां पर काम करना शुरू किया था। राज्य में आप ने 2017 में चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन इस बार पार्टी चुनाव लड़ेगी।

पंजाब में आप की जीत दिल्ली के बाहर किसी राज्य में पार्टी की पहली जीत है। 2017 में आप दूसरे नंबर पर रही थी और इस बार प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई है।