Lok Sabha Election 2019 के लिए जमकर मेहनत में जुटी कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की पहली सूची बुधवार को फाइनल कर सकती है। पार्टी सूत्रों के हवाले से लिखी गई एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। दावे के मुताबिक कांग्रेस की केंद्रीय कार्य समिति में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश के संभावित प्रत्याशियों पर मंथन चल रहा है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा सीटों की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश (80) और महाराष्ट्र (48) देश के सबसे बड़े सूबे हैं। वहीं अरुणाचल में दो सीटें हैं। इस तरह करीब-करीब एक चौथाई सीटें इन तीनों राज्यों से आती हैं।

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी से गठबंधन किया है। लेकिन उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन में जगह नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने सभी 80 सीटों पर अकेले लड़ने का ऐलान किया था। इनमें से 38 सीटों की जिम्मेदारी ज्योतिरादित्य सिंधिया को जबकि 42 सीटों की जिम्मेदारी नवनियुक्त महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा को दी गई है।

इन पर होगी प्रत्याशी चयन की जिम्मेदारीः 13 सदस्यों वाली कांग्रेस कार्य समिति में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, पार्टी कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी, जम्मू-कश्मीर प्रभारी अंबिका सोनी, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास, मुकुल वासनिक, एम वीरप्पा मोइली, ऑस्कर फर्नांडीज और मोहसिना किदवई शामिल हैं। इस समिति में केसी वेणुगोपाल को भी शामिल किया जा सकता है।

 

गौरतलब है कि कांग्रेस की यह बैठक अहमदाबाद में होगी। ऐसा पहली बार हो रहा है जब समिति की बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के गृह राज्य में हो रही है। इस बैठक के बाद प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी अडालज में एक जनसभा भी करने वाले हैं। इससे पहले कांग्रेस कार्य समिति की बैठक महाराष्ट्र के वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम में की गई थी। कांग्रेस इस चुनाव में राहुल गांधी की ‘मिनिमम गारंटी इनकम’ के प्रस्ताव को भुनाने पर जोर दे सकती है।