दक्षिणी और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मानसून की बारिश का हाई अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इनमें केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक प्रमुख हैं। मौसम संबंधी अलर्ट के चलते इन राज्यों के कई शहरों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं। ऐसे में इन जिलों या शहरों में स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया गया है।

कहां-कहां स्कूल-कॉलेज हुए बंद

इनमें से कुछ राज्यों ने पहले ही स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। वहीं अन्य राज्य स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं और छुट्टियों की घोषणा कर रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि किस राज्य में और किस शहर स्कूल कॉलेजों को बंद किया गया है।

केरल के इन जिलों में बारिश का कहर, स्कूल-कॉलेज हुए बंद

मॉनसून ने केरल में दस्तक दे दी है। कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। आईएमडी ने कोझीकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बाढ़ जैसी स्थिति और बढ़ते जल स्तर के कारण केरल सरकार ने इन जिलों में स्कूल-कॉलेज समेत सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है।

एर्नाकुलम और मलप्पुरम सहित राज्य के अन्य हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी स्थानीय जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का अधिकार दिया गया है।

तमिलनाडु के ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

तमिलनाडु के भी कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं। इन जिलों में पिछले 24 घंटे के अंदर हुई बारिश ने सबकुछ तबाह कर दिया है। ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। हालांकि, इस क्षेत्र में स्कूलों के बंद होने के बारे में कोई अपडेट नहीं है। स्कूल प्रशासन को सतर्क रहने और अभिभावकों को दिन-प्रतिदिन अपडेट जारी करने की सलाह दी गई है।

कर्नाटक के 7 जिलों में रेड अलर्ट

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पिछले दो दिन से बारिश का कहर जारी है। इस शहर में बड़े पैमाने पर जलभराव, यातायात जाम और सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान की समस्या बनी हुई है। मौसम विभाग ने बेंगलुरु में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि यहां अभी स्कूल और कॉलेजों की छुट्टियां घोषित नहीं की गई हैं, लेकिन स्कूलों को स्टैंड बाई मोड पर रहने को कहा गया है। यानी यहां पर स्कूलों को कभी भी बंद किया जा सकता है। कर्नाटक के कुल 7 जिले रेड अलर्ट पर हैं। इनमें- उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, उदुपी चिक मंगलुरु, कोडगू और हसन शामिल हैं।