Government Jobs in Haryana: देश में लोकसभा चुनाव खत्म हो जाने के बाद कई राज्यों में सरकारी नौकरियों में भर्ती का आगाज शुरू होने वाला है और इसकी शुरुआत हरियाणा ने कर दी है। दरअसल, हरियाणा सरकार ने राज्य में बहुत जल्द 50 हजार पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन के लिए हिम्मत सिंह का शपथग्रहण कराया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में 50000 पदों पर भर्ती का ऐलान कर दिया।
सभी ग्रुप के लिए निकलेंगी भर्ती
सीएम नायब सिंह ने बताया कि कर्मचारी चयन आयोग ग्रुप डी और ग्रुप सी पदों के लिए यह भर्ती निकालेगा। सीएम ने कहा कि ग्रुप डी की भर्ती भी बहुत जल्द निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि हिम्मत सिंह को शपथ इसीलिए दिलाई गई है ताकि जो भर्तियां रूकी हुई हैं उन्हें जल्द पूरा किया जाए। सीएम ने कहा कि ग्रुप सी और ग्रुप डी में सामाजिक आर्थिक आधार पर दिए गए अतिरिक्त अंकों को रद्द करने के मामले में सरकार जल्द ही सुप्रीम कोर्ट जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में रहेगी पारदर्शिता- नायब सैनी
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकारी नौकरियों में भर्ती की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी। भर्ती प्रक्रिया की पूरी प्रणाली को जल्द जारी कर दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि जिस तरह राज्य के युवाओं को बिना किसी खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं उससे हर गरीब को उसका हक मिला है। साथ ही भाजपा सरकार के पूरे कार्यकाल के दौरान बिनी किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गई हैं।
हाईकोर्ट के फैसले से युवाओं की नौकरी पर आया खतरा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस दौरान दावा किया कि हाई कोर्ट के फैसले के बाद जिन युवाओं को नौकरी का खतरा पैदा हुआ है, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार हर संभव प्रयास करके उनकी नौकरी को बचाएगी। हाल ही में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा में सरकारी भर्तियों में मिलने वाले सामाजिक आर्थिक मानदंड के 5 अंकों को संविधान के विरुद्ध करार दिया और सरकार के इस फैसले को रद्द कर दिया। इस फैसले से भर्तियां सिर्फ मेरिट के आधार पर हो सकेंगी।