Uttar Pradesh, Pintu Sengar Murder Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बहुजन समाज पार्टी के एक पूर्व नेता पिंटू सेंगर को सरेआम गोलियों से भूने जाने के मामले में पुलिस को सीसीटीवी का फुटेज हाथ लगा है। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी बाइक पर सवार नजर आए हैं। पुलिस इस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश में लगी हुई है। पिंटू सेंगर उर्फ नरेंद्र सिंह सेंगर को लेकर अब कई सारी बातों का पता चला है।
मायावती को चांद जमीन दिलाने की बात कही थी: पिंटू सेंगर साल 2010 में उस वक्त सबसे पहले सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के लिए चांद पर जमीन खरीदने का दावा किया था। हालांकि इससे पहले साल 2007 में पिंटू सेंगर ने बसपा से विधायकी का चुनाव लड़ा था पर वो हार गए थे।
मायावती के लिए चांद पर जमीन खरीदने की बात कहने के बाद पार्टी से उन्हें निकाल दिया गया था। बाद में उसने पार्टी दोबारा ज्वायन कर ली थी। यह भी कहा जा रहा है कि वह सांसद रहीं फूलनदेवी का भी करीबी था। वर्तमान में पिंटू भोगनीपुर से विधायक का चुनाव लड़ने की तैयारी में था।
हिस्ट्रीशीटर पिंटू पर 28 केस हैं दर्ज: पिंटू सेंगर चकेरी मंगला विहार का रहने वाला था। पुलिस की फाइलों में उसका नाम एक हिस्ट्रीशीटर के तौर पर दर्ज था। उस पर चकेरी, किदवई नगर और कोहना थाने में कुल 28 केस दर्ज हैं। पिंटू सेंगर पर गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी और वो भू-माफिया भी घोषित हो चुका था।
उस पर हत्या के प्रयास, प्रॉपर्टी हथियाने, हत्या, रंगदारी जैसे संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अफसरों को आशंका है कि इन्हीं किसी विवाद से जुड़े लोगों ने उसकी हत्या करवाई। इसलिए पुरानी रंजिशों की तरफ पुलिस की तफ्तीश जारी है।
रसूखदार परिवार से ताल्लकु: नरेंद्र सिंह सेंगर और उसका परिवार राजनीति से जुड़ा रहा है। वह खुद बसपा का नेता रहा है। छावनी सीट से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। बाद में उसे बसपा से निकाल दिया गया था। वर्तमान में इसके पिता सोने सिंह गजनेर (कानपुर देहात) के गोगामऊ से ग्राम प्रधान हैं। उसकी मां शांति हठेठी से जिला पंचायत सदस्य हैं।
कहा जाता है कि पिंटू ने राजनीति में अच्छी पकड़ बनाई और विरोधियों की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी जब्त कराई। तभी से उसकी दुश्मनी और बढ़ गई थी। नरेंद्र के परिवार में पत्नी नीलम सेंगर, बेटी अपर्णा है। नरेंद्र चार भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटे भाई धर्मेंद्र एयरफोर्स से रिटायर्ड हैं। देवेंद्र उर्फ बबलू सेना में हैं और शैलेंद्र फील्ड गन फैक्टरी में हैं। पिता सोने सिंह भी फील्ड गन फैक्टरी से रिटायर्ड हैं।
पहले भी मारी गई थी गोली: बताया जाता है कि प्रॉपर्टी विवाद में पिंटू सेंगर को तीन साल पहले 17 जनवरी 2017 में भी चकेरी में गोली मारी गई थी। तब गोली उनके कंधे पर लगी थी।
पिंटू ने चकेरी के ही पप्पू स्मार्ट और उसके साथियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला अभी चल रहा है। पुलिस इस मामले के आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
बहरहाल आपको बता दें कि पिंटू सेंगर पर जाजमऊ के आशियाना कॉलोनी में शनिवार को गोली बरसाने वाले बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। बदमाश दो पल्सर बाइक से नजर आ रहे हैं।
एक लाल और दूसरी काली। लाल पल्सर पर पुलिस का लोगो लगा हुआ था। फुटेज की मदद से पुलिस ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस को फुटेज जारी कर अलर्ट किया है।

